अफगानिस्तान से जाते-जाते अमेरिका का बड़ा ऑपरेशन, 5 तालिबानियों के सफाए का दावा
काबुल, 22 जुलाई: अफगानिस्तान के कई प्रांतों में पिछले तीन दिनों में हुए एयरस्ट्राइक में कम से कम पांच तालिबानी आतंकवादी मारे गए हैं। यह दावा एक स्थानीय पत्रकार ने अफगानिस्तानी अधिकारियों के विभिन्न स्रोतों से जुटाई जानकारी के आधार पर किया है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने 31 अगस्त तक अफगानिस्तान में अपनी सेना का ऑपरेशन पूरी तरह से खत्म करने की घोषणा कर रखी है। इस वजह से वहां तालिबान और अफगानी फौज में भयंकर जंग चल रही है। तालिबान लगातार ज्यादा से ज्यादा इलाकों पर अपना दबदबा बढ़ाता जा रहा है। जबकि अफगानी सुरक्षा बलों की कोशिश है कि वह बड़े शहरों और ज्यादा आबादी वाले इलाकों से तालिबान को दूर रखे।

'कंधार में अमेरिकी एयरस्ट्राइक में 5 तालिबानी ढेर'
अफगानिस्तानी पत्रकार बिलाल सारवैरी ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने तालिबान को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक किया है। उन्होंने इसको लेकर कई ट्वीट किए हैं। उन्होंने लिखा है, 'अफगानिस्तान के कई प्रांतों में पिछले 52 घंटों में अमेरिका ने एयरस्ट्राइक किए हैं। हेलमंद गर्मसिर जिले में तालिबान के एक वाहन को निशाना बनाया गया है और उसे तबाह कर दिया गया है।' यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और नाटो की सेना देश से निकल रही है और अफगानी सुरक्षा बलों और तालिबान के बीच जबर्दस्त हिंसा हो रही है। उन्होंने ट्विटर पर आतंकवाद-निरोधी अधिकारियों और पुलिस के हवाले से कहा है कि अमेरिका की ओर से हुए एक एयरस्ट्राइक में कंधार शहर में कम से कम 5 तालिबानी मारे गए हैं। (पहली तस्वीर-प्रतीकात्मक)

आतंकवादियों पर अमेरिका का रहेगा फोकस- अमेरिकी रक्षा मंत्री
बिलाल के मुताबिक वारडक प्रांत के सयाद एबाद जिले में अमेरिकी सेना ने तालिबान के एक तोप को एयरएस्ट्राइक में उड़ा दिया है। इनके अलावा अमेरिकी सेना ने शाह वाली कोट जिले में एयरस्ट्राइक करके तालिबान की 10 बख्तरबंद गाड़ियों को निशाना बनाया है। बुधवार को ही अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा था कि उनकी सेना का अफगानिस्तान में फोकस आतंकी खतरों के खिलाफ रहेगा, तालिबान के नहीं। उन्होंने कहा था कि अमेरिका अल-कायदा पर नजर रखेगा, जिसने उसपर 9/11 के हमले की योजना बनाने के लिए अफगानिस्तान को सुरक्षित ठिकानें के तौर पर इस्तेमाल किया था, जिसके चलते अमेरिकी सेना 2001 में अफगानिस्तान में दाखिल हुई।

प्रांतों की राजधानी तालिबान की पकड़ से दूर
दरअसल, जब विदेशी सेना कुछ ही हफ्तों में अफगान छोड़कर जाने के लिए तैयार है, अफगानिस्ती सुरक्षा बलों और तालिबान लड़ाकों के बीच जोरदार लड़ाई छिड़ चुकी है। तालिबान लगातार नागरिकों और सुरक्षा बलों को निशाना बना रहा है। अफगानिस्तान के 419 जिलों में से वह करीब आधे पर कब्जा कर चुका है। हालांकि, ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल मार्क मिली के मुताबिक वह अभी तक 34 प्रांतों में से किसी की भी राजनधानी पर फतह नहीं कर पाया है। उनका कहना है कि तालिबान ज्यादा से ज्यादा इलाकों पर कब्जा करना चाहता है, जबकि अफगानी सुरक्षा बलों को फोकस काबुल समेत ज्यादा आबादी वाले केंद्रों पर नियंत्रण बनाए रखने की है।












Click it and Unblock the Notifications