जो बाइडेन की पोती की सिक्योरिटी में भारी चूक, सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने 3 लोगों पर चलाई गोली
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की पोती नाओमी बाइडेन की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि 3 अज्ञात लोगों ने जो बाइडेन की पोती नाओमी की एसयूवी की खिड़की तोड़ने की कोशिश की।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पोती नाओमी बाइडेन की सुरक्षा कर रहे सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने तीन लोगों द्वारा वाहन में घुसने की कोशिश के बाद फायरिंग की। ये घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है।

एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स राष्ट्रपति बाइडेन की पोती नाओमी की सुरक्षा में तैनात हैं। नाओमी अपनी सिक्योरिटी के साथ जॉर्जटाउन में ही थीं। उनकी एसयूवी कार एक जगह पार्क थी, जहां कुछ लोगों ने उनकी एसयूवी की खिड़की तोड़ने की कोशिश की, जिसे देख वहां कुछ दूर पर मौजूद उनके सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर वो तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के पास लाल रंग की एक गाड़ी थी जिसकी मदद से तीनों फरार हो गए। अपराधियों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन कर दिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने की बात कही जा रही है।
घटना की जांच डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग और सीक्रेट सर्विस द्वारा की जा रही है। डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने यूएसएसएस को सवालों का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सीक्रेट सर्विस ने कहा कि उसने पुलिस को उसकी तलाश करने के लिए एक क्षेत्रीय बुलेटिन जारी किया है।
नाओमी ने अपनी प्रेमी से पिछले साल नवंबर में ही शादी की थी। 29 साल की नाओमी राष्ट्रपति बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन और कैथलीन की बड़ी बेटी हैं। नाओमी पेशे से वकील हैं। नाओमी का पालन पोषण वॉशिंगटन डीसी में हुआ।
नाओमी का नाम जो बाइडेन की बेटी के ऊपर रखा गया। 1972 में एक हादसे में बाइडेन की पहली पत्नी नीलिया और बेटी नाओमी की एक कार एक्सिडेंट में दर्दनाक मौत हो गई थी। उस कार में उनके दोनों बेटे ब्यू और हंटर भी थे, जो बुरी तरह जख्मी हो गए थे, लेकिन इलाज के बाद वे बच गए।












Click it and Unblock the Notifications