भारतीय छात्रों के लिए सबसे पसंदीदा जगह अमेरिका, US पढ़ने जाने वालों में 20% से ज्यादा छात्र भारतीय
उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका अभी भी भारतीय छात्रों का सबसे पसंदीदा जगह है, अमेरिका जाने वाले छात्रों में 20 प्रतिशत भारतीय हैं।
वॉशिंगटन, नवंबर 15: भारतीय छात्रों के लिए कोरोना संक्रमण के दौरान भी सबसे पसंदीदा जगहों में अमेरिका अव्वल है। इस साल संयुक्त राज्य अमेरिका में पढ़ने गये अलग अलग देशों के छात्रों में 20 प्रतिशत से ज्यादा छात्र हिंदुस्तानी हैं और अमेरिका ने इसको लेकर गर्व जताया है। अमेरिका ने कहा है कि, कोविड-19 महामारी के बाद भी अमेरिका ने सबसे ज्यादा भारतीय छात्रों का स्वागत किया है।

सबसे पसंदीदा जगह अमेरिका
अमेरिका जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की कुल संख्या में भारतीय छात्रों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत है। 2021 ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार, 2020-2021 शैक्षणिक वर्ष में 167,582 भारतीय छात्र अमेरिका गए हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए सबसे ज्यादा पसंदीदा जगह बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, 200 से ज्यादा मूल स्थानों से 9 लाख 14 हजार से ज्यादा छात्र अमेरिका पढ़ने के लिए गये हैं, जिनमें एक लाख 67 हजार 582 भारतीय छात्र हैं। जिसको लेकर अमेरिकी दूतावास के काउंसलर मामलों के मंत्री डॉन हेल्फिन ने कहा कि, ''महामारी के बावजूद हमने अकेले इस गर्मी में 62,000 से अधिक छात्र वीजा जारी किए, जो पिछले किसी भी वर्ष की तुलना में ज्यादा है। इससे पता चलता है कि विदेश में अध्ययन करने के इच्छुक भारतीय छात्रों के लिए अमेरिका पसंद का गंतव्य बना हुआ है''।

भारतीय छात्रों को परेशानी नहीं
इंटरनेशनल स्टूडेंट मोबिलिटी के तहत ओपन डेटा सोर्स उपलब्ध करवाते हुए कांसुलर मामलों के मंत्री डॉन हेफ्लिन ने कहा कि, ''हम आने वाले वर्ष में कई और वीजा जारी करने की उम्मीद कर रहे है। ताकि भारतीय छात्रों को यू.एस. अध्ययन के अपने सपनों को प्राप्त करने में मदद मिल सके। वहीं, सांस्कृतिक और शैक्षिक मामलों के सलाहकार एंथनी मिरांडा ने कहा कि, "इंटरनेशनल स्टूडेंट मोबिलिटी में अमेरिकी कूटनीति, नवाचार, आर्थिक समृद्धि और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संयुक्त राज्य अमेरिका उच्च शिक्षा के लिए गोल्डेन ऑपरच्यूनिटी है, जो विश्व स्तरीय व्यावहारिक अनुप्रयोग और अनुभव प्रदान करता है और जो हमारे ग्रेजुएट्स को वैश्विक अर्थव्यवस्था में लाभ प्रदान करता है।"

भारतीय छात्रों को महत्व
उन्होंने आगे कहा कि, "हम भारतीय छात्रों को महत्व देते हैं, क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बनाए रखने और विकसित करने और वर्तमान और भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का सामूहिक रूप से समाधान करने के लिए अमेरिकी साथियों के साथ जीवन भर संबंध बनाते हैं।" ओपन डोर्स रिपोर्ट का 2021 के आंकड़े इस बात के सबूत हैं कि, इस साल भी भारतीय छात्रों की संख्या में वृद्धि हुई है और ये दिखाता है कि, अमेरिका में भारतीय छात्रों को कितना महत्व दिया जाता है और अमेरिकी समाज में भारतीय छात्र कितनी आसानी से मिल जाते हैं।

यूसए-इंडिया एप डॉउनलोड की सलाह
युनाइटेड स्टेट्स में अध्ययन के लिए सहायता चाहने वाले छात्रों को शिक्षा यूएसए इंडिया ऐप डाउनलोड करना चाहिए, जो आईओएस और एंड्रॉइड डिवाइस पर मुफ्त में उपलब्ध है। एक बटन के क्लिक पर, ऐप कॉलेज आवेदन प्रक्रिया के बारे में नवीनतम जानकारी प्रदान करता है और संयुक्त राज्य अमेरिका में उच्च शिक्षा की योजना बनाने के लिए एक त्वरित और आसान कदम है।












Click it and Unblock the Notifications