विराट कोहली कब और किसके खिलाफ खेलेंगे अगला मुकाबला? सीरीज से पहले वृंदावन में किए दर्शन
Virat Kohli: आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अब भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी का अगला मिशन अंतरराष्ट्रीय मंच पर शुरू होने वाला है। उनके फैंस को मैदान पर उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार है।
भारतीय क्रिकेट टीम को जून के महीने में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलनी है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन होना है। टेस्ट मैच के पूरा होने के तुरंत बाद दोनों टीमें सीमित ओवरों के खेल में आमने सामने होंगी।

कब है कोहली का अगल मैच?
क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप से दूरी बना चुके कोहली केवल वनडे मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून को होने वाले पहले एकदिवसीय मुकाबले से मैदान पर उतरेंगे। इसके बाद सीरीज के बाकी दो मैच क्रमशः 17 जून और 20 जून को खेले जाने तय हुए हैं।
इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में कोहली खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे। भारतीय चयनकर्ताओं ने मोहाली के मुल्लानपुर में होने वाले इस मुकाबले के लिए उन्हें आराम दिया है। वह सीधे वनडे सीरीज के जरिए ही राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ेंगे।
IPL फाइनल में छा गए थे किंग
हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल सीजन में बेंगलुरु के इस कप्तान ने बल्ले से जबरदस्त कोहराम मचाया था। अहमदाबाद के मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में उन्होंने नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम ट्रॉफी बचाने में कामयाब रही।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान इस धाकड़ बल्लेबाज का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने रनों का अंबार लगा दिया। वह सीजन में 675 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष चार बल्लेबाजों में शामिल रहे। इसी बेहतरीन फॉर्म को वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भी बरकरार रखना चाहेंगे। दो महीने आईपीएल में व्यस्त रहने के बाद विराट कोहली आज वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने गए, साथ में उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी मौजूद थीं।












Click it and Unblock the Notifications