जो बाइडेन ने फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के दिए संकेत, 81 की उम्र में दे पाएंगे विरोधियों को चुनौती?
जो बाइडेन की उम्र 80 साल हो चुकी है और इस कार्यकाल के दौरान उनकी काम करने की क्षमता पर कई बार उनकी उम्र को हावी होते हुए देखा जा चुका है।

Joe Biden News: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक और संकेत दिया है, कि वह 2024 में फिर से चुनाव लड़ेंगे। 80 साल के हो चुके जो बाइडेन अगर फिर से चुनाव लड़ते हैं, तो चुनावी वर्ष में उनकी उम्र 81 साल की हो चुकी होगी।
सोमवार को जो बाइडेन ने कहा, कि वो व्हाइट हाउस की रेस में शामिल होने के लिए उनके पास 'प्लान्स' हैं, लेकिन फिलहाल वो अपनी दावेदारी का ऐलान करने के लिए तैयार नहीं हैं।
ईस्टर के मौके पर व्हाइट हाउस में बच्चों के साथ पार्टी मनाने के बाद अमेरिकी मीडिया कंपनी एनबीसी को दिए गये इंटरव्यू के दौरान जो बाइडेन ने अपनी राष्ट्रपति पद की फिर से दावेदारी को लेकर ये बातें कही हैं।
फिर से चुनाव लड़ सकते हैं बाइडेन
जो बाइडेन इससे पहले भी एक और कार्यकाल को लेकर अपना इरादा जता चुके हैं और कह चुके हैं, कि वो चाहते हैं, कि एक और कार्यकाल के दौरान वो अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर सकें।
पिछले नवंबर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, राष्ट्रपति ने एक और कार्यकाल की चाहत होने की बात कही थी, हालांकि उन्होंने ये भी कहा था, कि वो इस मामले को लेकर अपने परिवार के साथ चर्चा करेंगे और उसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेंगे।

वहीं, फरवरी 2023 में जो बाइडेन की पत्नी, जिल बाइडेन ने एक इंटरव्यू में कहा था, कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी जताने के लिए अभी काफी वक्त है और इस मामले में फैसला लिया जाना बाकी है।
अफ्रीकी दौरे के दौरान उन्होंने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया था, कि "आपको विश्वास दिलाने के लिए उन्हें ये बात कितनी बार कहनी होगी।"
व्हाइट हाउस के कर्मचारियों ने पहले सुझाव दिया था, कि उम्मीदवारी की घोषणा फरवरी की शुरुआत में की जा सकती है, लेकिन फिर संभावित घोषणा को अप्रैल तक बढ़ा दिया गया।
दान जुटाने के बाद चलाएंगे अभियान?
कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है, कि जुलाई महीने की तिमाही में जो बाइडेन, चुनाव लड़ने के लिए चंदा लेना शुरू करेंगे और दान एकत्र करने के बाद वो सार्वजनिक तौर पर अपनी दावेदारी का ऐलान कर सकते हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई महीने में चंदा जुटाने का अभियान एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जाता है।

डेमोक्रेटिक पार्टी में कितने दावेदार?
एक तरफ जहां रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप और निक्की हेली अपनी दावेदारी का ऐलान कर चुकी हैं, वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से भी दो नेताओं ने अपनी दावेदारी का ऐलान किया है।
2024 राष्ट्रपति चुनाव के लिए फिलहाल लेखक मैरिएन विलियमसन और एंटी-वैक्सीन एक्टिविस्ट रॉबर्ट कैनेडी जूनियर अपने नाम का ऐलान कर चुके हैं। रॉबर्ट कैनेडी जूनियर, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी के पोते हैं।
हालांकि, अभी तक डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से बाइडेन के प्रशासन में शामिल किसी भी नेता ने अभी तक अपनी दावेदारी की घोषणा नहीं की है। लिहाजा, बाइडेन की दावेदारी सबसे ज्यादा शक्तिशाली मानी जा रही है।
बाइडेन के सलाहकारों का कहना है, कि रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से फिलहाल जो दावेदार हैं, वो बाइडेन की तुलना में काफी कमजोर हैं। डोनाल्ड ट्रंप एक आपराधिक अभियोग में फंसे हैं, लिहाजा बाइडेन को उनके ऊपर भारी बढ़त मिल सकती है।
लेकिन, बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पर्दे के पीछे बाइडेन के सलाहकारों की टीम चंदा अभियान में जुट गई है और कैम्पेन टीम, स्वतंत्र राजनीतिक कार्रवाई समिति, फ्यूचर फॉरवर्ड टीम के गठन में जुट गई है।
Recommended Video

80 साल के हो चुके जो बाइडेन अगर फिर से चुनाव जीतते हैं, तो अपने दूसरे कार्यकाल के अंत तक वो 86 साल के हो चुके होंगे।














Click it and Unblock the Notifications