अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया कोरोना वायरस से संक्रमित
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। ट्रंप की सलाहकार होप हिक्स के कोविड पॉजिटव आने के बाद दोनों ने अपना टेस्ट कराया था। आखिरकार इस बात की पुष्टि हुई है कि दोनों इस समय कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।

Recommended Video
मेडिकल टीम इलाज में जुटी
व्हाइट हाउस की तरफ से भी इस बात की पुष्टि कर दी गई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी काइलाघ मैकेनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप SARS-Cov-2 वायरस पॉजिटिव हैं। बयान में जानकारी दी गई है कि व्हाइट हाउस की मेडिकल टीम इस समय राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी के इलाज में जुटी है। ट्रंप ने अपनी ट्वीट में लिखा है, 'वह और फर्स्ट लेडी मेलानिया कोविड से संक्रमित हैं और दोनों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। फिलहाल उनका इलाज शुरू हो गया है। हम साथ में मिलकर इससे लड़ेंगे।' फर्स्ट लेडी मेलानिया की तरफ से ट्वीट कर लिखा गया है, 'जैसा कि इस वर्ष बहुत से अमेरिकी नागरिकों ने किया है, राष्ट्रपति और मैंने भी खुद को कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद होम क्वारंटाइन कर लिया है। हम अच्छा महसूस हो रहा है और मैंने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए है। कृप्या सुनिश्चित करें कि आप सुरक्षित हैं और हम इससे साथ में मिलकर लड़ेंगे।

न्यू जर्सी से लौटे हैं डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप की करीबी सलाहकार 31 वर्षीय होप हिक्स कोविड पॉजिटिव हैं और माना जा रहा है कि ट्रंप को हिक्स से ही संक्रमण मिला है। हिक्स, बुधवार को उनके साथ रैली के लिए गई थीं। प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को उनमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। ट्रंप ने हिक्स के बारे में पुष्टि करते हुए लिखा था, 'होप हिक्स बिना कोई ब्रेक लिए हुए कड़ी मेहनत कर रही हैं, उनमें कोविड-19 की पुष्टि हुई है। यह खतरनाक है।' ट्रंप गुरुवार को न्यूजर्सी गए थे और यहां पर उन्होंने फंड इकट्ठा करने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उनके सोशल मीडिया डायरेक्टर डैन स्काविनो और प्रेस सेक्रेटरी काइलाघ मैकेनी पहले उनके साथ जाने वाली थ लेकिन आखिरी मौके पर कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बाद होप हिक्स उनके साथ गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications