कोविड-19: अमेरिकी राष्ट्रपति की बेटी इवांका ट्रंप के पर्सनल असिस्टैंट संक्रमित
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप के पर्सनल असिस्टैंट कथित तौर पर कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित पाए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी इस खबर की खूब चर्चा हो रही है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, जिस शख्स को संक्रमण हुआ है, वह बीते कुछ सप्ताह से इवांका के साथ नहीं था। इवांका और उनके पति जेरेड कुश्नर दोनों का शुक्रवार को हुआ कोरोना वायरस टेस्ट निगेटिव आया है। बता दें अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस की प्रेस सचिव कैटी मिलर भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ये बात पहले ही कह चुके हैं कि वह व्हाइट हाउस में कोरोना वायरस फैलने को लेकर 'चिंतित नहीं' हैं। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि परिसर में सुरक्षा प्रोटोकॉल कड़े कर दिए गए हैं। कैटी मिलर शुक्रवार को संक्रमित पाई गईं। वो हाल ही में उपराष्ट्रपति के संपर्क में आई थीं, लेकिन राष्ट्रपति से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई थी। कैटी ट्रंप के शीर्ष सलाहकार स्टीफन मिलर की पत्नी हैं।
हालांकि व्हाइट हाउस ने अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि स्टीफन मिलर की भी जांच की गई है या नहीं। न ही इस बारे में कुछ बताया है कि वह अब भी व्हाइट हाउस में काम कर रहे हैं। इस बीच ये बात भी सामने आई है कि संक्रमित पाए जाने से एक दिन पहले यानी गुरुवार को कैटी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ट्रंप का कहना है कि ये दर्शाता है कि यह जरूरी नहीं कि जांच हमेशा सही ही आए।
Recommended Video
बता दें अमेरिका में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिल रहा है। अमेरिका दुनिया के बाकी देशों के मुकाबले वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। एएफपी न्यूज एजेंसी के मुताबिक जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ने बताया है कि अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की वजह से 1,635 लोगों की मौत हुई है, इसके बाद अमेरिका में कोरोना वायरस से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 77,178 हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications