''अफगानिस्तान में अपनी मर्जी से जब चाहेंगे, तब करेंगे ड्रोन एयरस्ट्राइक'', अमेरिका के दावे से इमरान खान फंसे
पेंटागन ने कहा है कि वो अफगानिस्तान में कभी भी अपनी मर्जी से ड्रोन स्ट्राइक कर सकता है। जिसके बाद पाकिस्तान पर सवाल उठ रहे हैं।
वॉशिंगटन, सितंबर 01: अफगानिस्तान से अमेरिका पूरी तरह से जा चुका है और तालिबान ने अफगानिस्तान की पूर्ण आजादी का ऐलान कर दिया है। लेकिन, अफगानिस्तान में मौजूद आतंकी संगठनों को अमेरिका ने चेतावनी देते हुए कहा है कि वो किसी भी वक्त अपनी मर्जी से अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक कर सकता है। पेंटागन ने कहा है कि वो अफगानिस्तान में ड्रोन हमला करना जारी रखेगा।

अफगानिस्तान में ड्रोन हमला
संयुक्त राज्य अमेरिका ने अफगानिस्तान छोड़ने के एक दिन बाद अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने मंगलवार को कहा कि वह इस्लामिक स्टेट-खोरासन और दक्षिण एशियाई देशों के भीतर सक्रिय अन्य आतंकवादी समूहों के खिलाफ ड्रोन हमले करना जारी रखेगा। इस्लामिक स्टेट-खोरासन वही आतंकी संगठन है, जिसने पिछले हफ्ते काबुल हवाई अड्डे पर हमला किया था, जिसमें कम से कम 169 अफगान और 13 अमेरिकी सेवा सदस्य मारे गए थे। हमले के बाद अमेरिका ने भी आईएसआईएस-के प्लानर और एक मास्टरमाइंड और एक संदिग्ध आत्मघाती कार हमलावर के खिलाफ ड्रोन हमलों के साथ जवाबी कार्रवाई की।

अमेरिका ने क्या कहा ?
फॉक्स न्यूज के अनुसार पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि, "हमारे पास अपने राष्ट्रीय सुरक्षा हितों की रक्षा और बचाव सुनिश्चित करने के पूरी क्षमता मौजूद है।" किर्बी ने कहा कि, "हम आपको इस बात के लिए आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम जब चाहें, इस तरह की ताकचतों के खिलाफ ऑपरेशन चलाने में सक्षम हैं, हम अपनी ऑपरेशन क्षमता को बनाए रखेंगे और हमारी क्षमता अभी भी ड्रोन हमला करने की या एयरस्ट्राइक करने की बरकरार है''। उन्होंने कहा कि, 'हम अपनी क्षमता को बनाए रखेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो हम उसका इस्तेमाल करेंगे।' आपको बता दें कि अमेरिका के अफगानिस्तान से आखिरी बचे सैनिकों को वापस बुलाने के बाद सोमवार देर रात अमेरिका का सबसे लंबा युद्ध समाप्त हो गया। लेकिन, अमेरिका के दावे के बाद इमरान खान घिर गये हैं।

क्यों घिरे इमरान खान?
दरअसल, अमेरिका की आतंकी संगठनों को दी गई धमकी के बाद अब पाकिस्तान में इमरान खान पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पाकिस्तान ने अमेरिका को सैन्य अड्डा दे दिया है। क्योंकि सवाल ये है कि अगर अफगानिस्तान में अमेरिका ड्रोन अटैक या एयरस्ट्राइक करता है, तो फिर अमेरिका कहां से हमला करेगा? अमेरिका को सैन्य अड्डा कौन सा देश दे रहा है। पाकिस्तान के अलावा अमेरिका को भला कौन सा देश अफगानिस्तान पर हमला करने के लिए सैन्य अड्डा देगा? ये कुछ ऐसे सवाल हैं, जो काफी तेजी से पाकिस्तान में उठ रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व डिप्लोमेट जफर हिलाली ने भी इमरान सरकार से स्थिति साफ करने के लिए कहा है। वहीं, लोग इसलिए भी शंका जता रहे हैं, क्योंकि पिछले चार दिनों में अफगानिस्तान से सैकड़ों अमेरिकी सैनिक इस्लामाबाद आए हैं, जिसको लेकर इमरान सरकार बुरी तरह से घिर गई है।

आईएसआईस के खिलाफ अमेरिका
मंगलवार को एक भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आईएसआईएस-खुरासन के खिलाफ अपने सख्त रूख को दोहराया है। जो बाइडेन ने कहा कि, "आईएसआईएस-के के खिलाफ हमारा ऑपरेशन अभी तक खत्म नहीं हुआ है और हम उन लोगों का शिकार करते रहेंगे, जो अमेरिका को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।'' ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या अमेरिका और पाकिस्तान के बीच अंदरखाने में कोई डील हो गई है? और क्या अमेरिका इसलिए बार बार आतंकी संगठन को धमकी दे रहा है, क्योंकि उसने अपने आप को पाकिस्तान में फिर से स्थापित कर लिया है?












Click it and Unblock the Notifications