बाइडेन ने विदाई से ठीक पहले भारत भेजा अपना दूत, अमेरिकी NSA जेक सुलिवन के दिल्ली दौरे का मतलब क्या है?
US NSA Sulivan India Visit: अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन 5 जनवरी से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं, जहां वह अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल के साथ चर्चा करेंगे और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मिलेंगे। मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, कि भारत-अमेरिका संबंध मजबूत हैं और दोनों देशों के बीच लगातार चर्चा होती रहती है।
जेक सुलिवन की भारत यात्रा उस वक्त हो रही है, जब बाइडेन प्रशासन के पास दो हफ्ते से भी कम समय बचा है। डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को शपथ लेने वाले हैं, यानि बाइडेन प्रशासन का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा है और उससे पहले जेक सुलिवन की भारत यात्रा काफी अहम है।

जेक सुलिवन की यात्रा पर व्हाइट हाउस ने क्या कहा? (US NSA Sulivan India Visit Significance)
व्हाइट हाउस के नेशनल सिक्योरिटी कम्युनिकेशन एडवाइजर जॉन किर्बी ने शुक्रवार को कहा, कि "राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन 5 और 6 जनवरी को भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए नई दिल्ली, भारत की यात्रा करेंगे।"
उन्होंने कहा, "इसमें अंतरिक्ष, रक्षा और रणनीतिक प्रौद्योगिकी सहयोग से लेकर भारत-प्रशांत और उससे आगे की साझा सुरक्षा प्राथमिकताओं तक, भारत के साथ हमारी साझेदारी के व्यापक मुद्दों पर चर्चा होगी।"
जॉन किर्बी ने यह भी बताया, कि सुलिवन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली (IIT Delhi) का भी दौरा करेंगे। उन्होंने कहा, "वे युवा भारतीय उद्यमियों से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे, जिसमें अमेरिका और भारत की तरफ से महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पर यूएस-इंडिया पहल के तहत हमारे नवाचार गठबंधन को मजबूत करने के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों की रूपरेखा होगी, जिसे iCET के रूप में भी जाना जाता है।"
किर्बी ने आगे कहा, "वे बहुत उत्साहित हैं और इस महत्वपूर्ण समय में इन बातचीत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।" एक दूसरे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि सुलिवन इस यात्रा पर भारतीय अधिकारियों के साथ कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications