US Midterm Election 2026: बहुमत छिना तो ट्रंप के लिए कितना खतरा? भारतीय मूल के कितने मैदान में, हर डिटेल
US Midterm Election 2026: अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव के तहत जॉर्जिया, साउथ कैरोलाइना और वर्मोंट समेत 6 राज्यों में मतदान खत्म हो चुका है। वोटिंग समाप्त होने के बाद अब मतगणना शुरू हो गई है। इन चुनावों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ-साथ उनकी रिपब्लिकन पार्टी की भी नजर है। वजह साफ है। अभी रिपब्लिकन पार्टी के पास अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बहुमत है। अगर नतीजों में यह स्थिति बदलती है तो ट्रंप के लिए अपने एजेंडे को आगे बढ़ाना आसान नहीं रहेगा।
इस चुनाव में अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं। सीनेट की 35 सीटों पर भी मुकाबला है। इसके अलावा कई राज्यों में गवर्नर और स्थानीय पदों के लिए भी चुनाव हो रहे हैं। मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच यानी दो साल बाद होते हैं। इनका नतीजा अगले दो साल के लिए संसद में सत्ता का संतुलन तय करता है।

मतदान से पहले ही 5.76 करोड़ से ज्यादा अमेरिकी नागरिक 'अर्ली वोटिंग' के तहत अपना वोट डाल चुके हैं, जिसने 2022 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
सीनेट और हाउस में बहुमत का पूरा गणित
फिलहाल अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा है। लेकिन सत्ता बचाने के लिए उन्हें कड़ा मुकाबला करना पड़ रहा है:
- सीनेट (Senate): 100 सदस्यों वाले उच्च सदन में बहुमत के लिए 51 सीटों की जरूरत होती है। वर्तमान में रिपब्लिकन के पास 53 और डेमोक्रेट्स के पास 47 सीटें (निर्दलीयों के साथ) हैं। इस बार 35 सीटों (22 रिपब्लिकन और 13 डेमोक्रेटिक) पर वोटिंग हो रही है। अगर मुकाबला 50-50 पर टाई होता है, तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने वीटो पावर से निर्णायक वोट दे सकते हैं। डेमोक्रेट्स को सीनेट छीनने के लिए 4 सीटों का नेट गेन चाहिए।
- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (House of Representatives): 435 सीटों वाले निचले सदन में जादुई आंकड़ा 218 है। इस बार सभी 435 सीटों पर सीधी टक्कर है।
Midterm Elections 2026: ट्रंप के लिए क्यों अहम है यह चुनाव?
अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में रिपब्लिकन पार्टी की मौजूदा स्थिति अलग-अलग है। सीनेट में उसके पास 53 सीटें हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 45 और दो निर्दलीय सदस्य हैं, जो डेमोक्रेट्स के साथ काम करते हैं। वहीं हाउस में रिपब्लिकन पार्टी के पास 218 और डेमोक्रेट्स के पास 214 सीटें हैं। एक सीट निर्दलीय सदस्य के पास है और दो सीटें खाली हैं।
सीनेट में बहुमत के लिए 51 सदस्यों का समर्थन चाहिए। अगर दोनों पक्षों के पास 50-50 सीटें होती हैं, तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बराबरी की स्थिति में निर्णायक वोट दे सकते हैं। हाउस में बहुमत का आंकड़ा 218 है। यानी यहां कुछ सीटों का अंतर भी सत्ता का समीकरण बदल सकता है।
अगर सीनेट में बहुमत खोया तो ट्रंप को क्या होगा बड़ा नुकसान?
रिपब्लिकन पार्टी अगर किसी एक सदन में भी बहुमत गंवाती है, तो ट्रंप के लिए कानून पास कराना मुश्किल हो सकता है। हाउस में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होने पर सरकार के विधेयकों को आगे बढ़ने से रोका जा सकता है। बजट और सरकारी खर्च को लेकर भी टकराव बढ़ सकता है।
सीनेट में बहुमत खोने का असर नियुक्तियों पर पड़ सकता है। राष्ट्रपति के कई बड़े प्रशासनिक पदों और संघीय जजों की नियुक्तियों पर सीनेट की मंजूरी जरूरी होती है। सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति भी इसी प्रक्रिया से गुजरती है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संधियों को मंजूरी दिलाना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, हर विदेशी समझौते के लिए सीनेट की मंजूरी जरूरी नहीं होती।
- जजों की नियुक्तियों पर ब्रेक: सुप्रीम कोर्ट और प्रांतीय अदालतों में ट्रंप की पसंद के कंजर्वेटिव जजों की नियुक्ति पर सीनेट रोक लगा सकती है।
- मंत्रिमंडल और अधिकारियों की मंजूरी अटकेगी: विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और अन्य शीर्ष संवैधानिक पदों पर नियुक्तियों को पास कराना नामुमकिन हो जाएगा।
- विदेश नीति पर दबाव: अंतरराष्ट्रीय समझौतों और रणनीतिक फैसलों पर सीनेट के जरिए डेमोक्रेट्स की कड़ी नजर रहेगी।
- कानून और बजट पर सीधा टकराव: संसद के बजट और ट्रंप के महत्वाकांक्षी विधेयकों को सीनेट खारिज करके सरकार का कामकाज ठप कर सकती है।
वो 5 सीटें जहां सीनेट का मुकाबला बेहद फंसा हुआ है
टेक्सास: रिपब्लिकन केन पैक्सटन और डेमोक्रेट जेम्स टैलारिको के बीच 49% के साथ बराबरी का मुकाबला है।
ओहायो: डेमोक्रेट शेरोड ब्राउन सर्वे में रिपब्लिकन जॉन हस्टेड से 4 से 6 पॉइंट की बढ़त बनाए हुए हैं।
नॉर्थ कैरोलाइना: डेमोक्रेट रॉय कूपर (52%) रिपब्लिकन माइकल वाटले (39%) से 13 पॉइंट आगे चल रहे हैं।
मिशिगन: डेमोक्रेट अब्दुल अल-सईद (50%) और रिपब्लिकन माइक रोजर्स (48%) के बीच मामूली अंतर है।
मेन: डेमोक्रेट ट्रॉय जैक्सन (49%) रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कॉलिन्स (47%) को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।
कितने भारतीय मूल के लोग हैं चुनावी मैदान में?
अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के नेताओं के समूह को 2018 में राजा कृष्णमूर्ति द्वारा दिया गया नाम 'समोसा कॉकस' (Samosa Caucus) इस चुनाव में भी चर्चा में है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक पार्टी के 6 भारतवंशी किस्मत आजमा रहे हैं। मौजूदा सांसद अमी बेरा, रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और सुहास सुब्रमण्यम मैदान में हैं, जबकि अमीश शाह (एरिजोना) और पिया डांडिया (फ्लोरिडा) नए उम्मीदवार हैं।
इस बार 2 सीटों पर भारतवंशियों के बीच सीधी भिड़ंत है-कैलिफोर्निया में रो खन्ना का सामना रिपब्लिकन रितेश टंडन से है, जबकि वॉशिंगटन में प्रमिला जयपाल के सामने रिपब्लिकन नीरव शेठ खड़े हैं। राजा कृष्णमूर्ति सीनेट प्राइमरी और श्री थानेदार हाउस प्राइमरी हारकर रेस से बाहर हो चुके हैं।
दूसरी तरफ, रिपब्लिकन पार्टी के दिग्गज चेहरे विवेक रामास्वामी ओहायो से गवर्नर पद के प्रत्याशी हैं और डेमोक्रेट एमी एक्टन से मुकाबला कर रहे हैं। अगर रामास्वामी जीतते हैं, तो वह बॉबी जिंदल और निक्की हेली के बाद अमेरिका के तीसरे भारतीय मूल के गवर्नर बनकर इतिहास रचेंगे।
कौन-कौन से मुद्दे रहे इस चुनाव में हावी?
1. ईरान युद्ध और महंगाई: ईरान संघर्ष के बाद अमेरिका में पेट्रोल 50% और डीजल 70% तक महंगा हुआ है। रूस से डीजल खरीदने के फैसले से घिरे ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 31% रह गई है।
2. इमिग्रेशन और डिपोर्टेशन: शुरुआती 18 महीनों में 9.8 लाख प्रवासियों को निकाला गया और बॉर्डर घुसपैठ 95% घटी। लेकिन बिना क्राइम रिकॉर्ड वाले प्रवासियों को निकालने से खेती और कंस्ट्रक्शन में मजदूरों का संकट गहराया है।
3. टैरिफ और घरेलू बजट: चीनी व विदेशी सामानों पर टैरिफ से गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक्स 12% से 18% महंगे हुए हैं, जिससे अमेरिकी परिवारों का खर्च बढ़ा है।
4. गर्भपात और ओबामाकेयर: 74% युवा वोटर गर्भपात के राष्ट्रव्यापी अधिकार को लेकर डेमोक्रेट्स के साथ खड़े दिख रहे हैं, जबकि ओबामाकेयर के 2.13 करोड़ लाभार्थी हेल्थ इंश्योरेंस महंगा होने से चिंतित हैं।


Click it and Unblock the Notifications
