'इमरान खान को हटाओ नहीं तो दुनिया से अलग-थलग कर देंगे', अमेरिका ने पाक को दी थी धमकी! डॉक्यूमेंट में खुलासा
पाकिस्तान में अमेरिका के कहने पर इमरान खान की सरकार का तख्तापलट करने के संबंध में बेहद अहम सबूत सामने आया है। एक लीक डॉक्यूमेंट में ये खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान के पीएम को हटाने में अमेरिका का हाथ था।
आपको बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान बार-बार तख्तापलट का आरोप अमेरिका पर मढ़ते रहे हैं। हालांकि अमेरिका इससे साफ-साफ इनकार कर चुका है। लेकिन अब पता चला है कि रूस-यूक्रेन युद्ध में इमरान खान का रवैया पाकिस्तान को पसंद नहीं आया जिस वजह से उनकी कुर्सी चली गई।

यह दस्तावेज़ द इंटरसेप्ट को पाकिस्तानी सेना के एक अज्ञात स्रोत द्वारा प्रदान किया गया था, जिसने कहा था कि उनका इमरान खान या खान की पार्टी से कोई संबंध नहीं है। सीक्रेट डॉक्यूमेंट से खुलासा हुआ है कि 7 मार्च 2022 को अमेरिका ने पाकिस्तानी राजदूत को बुलाया था। इस दौरान पाकिस्तानी राजदूत और अमेरिकी विदेश मंत्रालय के दो अधिकारियों के बीच में बातचीत हुई थी।
इस बैठक में इमरान खान की सरकार के रूस-यूक्रेन युद्ध में तटस्थ रहने पर आलोचना हुई थी। इंटरसेप्ट ने लिखा है कि बैठक के ठीक एक महीने बाद पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया जिसके बाद उनकी कुर्सी चली गई।
माना जाता है कि यह वोट पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना के समर्थन से आयोजित किया गया था। सेना के दबाव की वजह से कई पाकिस्तानी सांसदों ने इमरान खान के विरोध में मतदान किया और उन्हें सत्ता से निकाल फेंका।
रिपोर्ट में कहा गया कि उसके बाद से ही इमरान खान और उनके समर्थक सेना और पाकिस्तान की मौजूदा सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं। इंटरसेप्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के साउथ और सेंट्रल एशिया के असिस्टेंट सेक्रेटरी डोनाल्ड लू ने पाकिस्तान के तत्कालीन राजदूत असद मजीद खान से पाकिस्तान के रूस-यूक्रेन युद्ध में स्टैंड को लेकर नाराजगी जताई थी।
लू ने कहा कि इससे अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्त में असर पड़ सकता है। लू इमरान खान के रूस दौरे से भी नाराज दिखे। इस बैठक में अमेरिका ने पाकिस्तान से वादा किया था कि अगर इमरान खान को सत्ता से हटा दिया जाता है तो अमेरिका पाकिस्तान के साथ मधुर संबंध रखेगा और अगर ऐसा नहीं होता तो उसे अलग-थलग कर देगा।












Click it and Unblock the Notifications