दफा हो जाओ यहां से.. डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक ने मंच पर किया निक्की हेली को शादी के लिए प्रपोज, देखिए क्या हुआ?
Nikki Haley News: भारतीय मूल की रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति पद की दावेवार निक्की हेली, जिन्होंने न्यू हैम्पशायर प्राइमरी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ी चुनौती दी है, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा, उन्हें डोनाल्ड ट्रंप के एक समर्थक ने शादी का प्रस्ताव दे दिया।
निक्की हेली को उस वक्त शादी का प्रस्ताव दिया गया, जब वो एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं और इसी दौरान ट्रंप समर्थक ने जोर से आवाज देकर उनसे पूछा, 'मुझसे शादी करोगी?' निक्की हेली न्यू हैम्पशायर प्राइमरी से पहले भाषण दे रही थीं, जिसमें निक्की हेली को एक कड़े मुकाबले में ट्रंप से हार का सामना करना पड़ा है।

निक्की हेली से पूछा, मुझसे शादी करोगी
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली, न्यू हैम्पशायर प्राइमरी चुनाव की पूर्व संध्या पर सलेम के आर्टिसन होटल में अपने समर्थकों से आगामी चुनावों के बारे में बात कर रही थीं, तभी भीड़ से एक व्यक्ति चिल्लाया, "क्या आप मुझसे शादी करेंगे?", इसे सुनकर निक्की हेली और वहां मौजूद भीड़ हंसने लगती है।
आपको बता दें, कि निक्की हेली ने साल 1996 से विलियम माइकल हेली से शादी की थी और उनके दो बच्चे हैं। वहीं, ट्रंप समर्थक से शादी का प्रस्ताव मिलने पर फौरन जवाब देते हुए उन्होंने उस शख्स से पूछा, कि क्या वह उसे वोट देगा। जिसपर उस शख्स ने कहा, कि "मैं ट्रम्प को वोट दे रहा हूं।" जिसपर जवाब देते हुए निक्की हेली ने कहा, 'दफा हो जाओ यहां से।'
इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया गया है, जिस पर नेटिज़न्स से विभिन्न प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जिनमें से कुछ ने रैली में उपस्थित लोगों के साथ हेली के आचरण पर सवाल उठाया। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा, कि "निक्की हेली ने उसे वोट देने के लिए मनाने की भी कोशिश नहीं की, जबकि अगर वहां विवेक रामास्वामी रहते, तो कहते, चलिए हम लोग बात करते हैं।"
हालांकि, एक और यूजर ने कहा, कि "निक्की हेली ने वास्तव में इस घटना को बहुत अच्छी तरह से संभाला।" वहीं, एक और यूजर ने कहा, कि "वाह, यह काफी मज़ाक था! निक्की हेली की प्रतिक्रिया शानदार थी।"
ट्रंप से पिछड़ चुकी हैं निक्की हेली
इस साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को न्यू हैम्पशायर प्राइमरी में हेली के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की है, जिससे उनकी रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के नामांकन पर पकड़ काफी मजबूत हो गई और राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ 2020 के बाद एक और मुकाबले की संभावना बढ़ गई है।
हालांकि, निक्की हेली ने अभी भी अपने कैम्पेन को सस्पेंड नहीं किया है, जबकि विवेक रामास्वामी और रॉन डिसेंटिस अपनी चुनावी कैम्पेन सस्पेंड कर चुके हैं और उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को अपना समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications