US Election: चुनाव से 2 दिन पहले कमला हैरिस ने पलटी बाजी? डोनाल्ड ट्रंप के हाथ से फिसला सबसे सुरक्षित राज्य?
US Election 2024: अमेरिका में ठीक दो दिनों के बाद राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं और उससे ठीक पहले एक चुनावी सर्वेक्षण में डोनाल्ड ट्रंप के खाते से रिपब्लिकन पार्टी के लिए सबसे सुरक्षित माने जाने वाला राज्य हाथ से फिसलता नजर आ रहा है।
आयोवा में हुए एक सर्वेक्षण ने अप्रत्याशित रूप से अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ आगे रखा गया है, जो काफी हैरान करने वाला है। हाल के आंकड़ों ने अमेरिकी पोलस्टर्स को आश्चर्यचकित कर दिया है, क्योंकि शुरू से ही, आयोवा को रिपब्लिकन पार्टी के लिए एक सुरक्षित राज्य माना जाता था।

डेस मोइनेस रजिस्टर अखबार द्वारा किए गए सेल्ज़र पोल ने कमला हैरिस को अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी से तीन अंक से बढ़त बनाते हुए दिखाया गया है। जबकि, यह ध्यान रखना जरूरी है, कि मध्यपश्चिमी राज्य आयोवा 2024 के चुनाव के लिए सात स्विंगस्टेट में शामिल नहीं है और राज्य ने 2016 और 2020, दोनों में डोनाल्ड ट्रंप के लिए मतदान किया था। लेकिन, अगर ट्रंप के खाते से ये सीट निकलता है, तो उनके लिए ये बहुत बड़ा झटका माना जाएगा।
जबकि पोलिंग एक्सपर्ट्स किसी एक पोल पर ज्यादा जोर नहीं दे रहे हैं, लेकिन सेल्ज़र को आयोवा में अच्छे रिकॉर्ड के साथ एक सम्मानित पोलिंग संगठन के रूप में जाना जाता है। नवीनतम पोल में संभावित मतदाताओं के बीच कमला हैरिस को ट्रंप पर 44 प्रतिशत के मुकाबले 47 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है। इसी संगठन के सितंबर के एक पोल में ट्रंप को कमला हैरिस पर चार अंकों की बढ़त मिली थी और जून के एक सर्वेक्षण में उन्हें तत्कालीन उम्मीदवार राष्ट्रपति जो बाइडेन पर 18 अंकों की बढ़त मिली थी।
क्या आयोवा नीला हो जाएगा?
हालांकि यह अनुमान लगाना अभी जल्दबाजी होगी, कि आयोवा राज्य नीला हो जाएगा या नहीं, लेकिन नवीनतम आंकड़ों ने कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया है। सेल्ज़र एंड कंपनी के अध्यक्ष पोलस्टर जे एन सेल्ज़र ने रजिस्टर को बताया, "किसी के लिए भी यह कहना मुश्किल है, कि वो ऐसा होते देख रहे हैं, लेकिन वह (कमला हैरिस) स्पष्ट रूप से एक अग्रणी स्थान पर पहुंच गई है।" दिलचस्प बात यह है कि पोल में उल्लेख किया गया है, कि राज्य में कमला हैरिस को महिलाओं के बीच जबरदस्त बढ़त मिल रहा है।
पोल जारी होने के कुछ समय बाद ही राजनीतिक पंडितों और पोलस्टर्स के बीच प्रतिक्रिया काफी हद तक सदमे और आश्चर्य की थी। हालांकि, यह भी बताया गया, कि एक प्रतिद्वंद्वी पोलिंग ग्रुप ने अभी भी आयोवा में ट्रंप को आगे बताया था।
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के पूर्व शीर्ष सहयोगी डेविड एक्सलरोड ने कहा, कि "यह एक चौंकाने वाला पोल है। लेकिन एन सेल्टज़र का अपने राज्य में चुनाव परिणामों की भविष्यवाणी करने का रिकॉर्ड किसी भी पोलस्टर की तरह शानदार है। महिलाएं इस उछाल को शक्ति प्रदान कर रही हैं। देश के लिए क्या यह शुभ संकेत है?"
वहीं, वाशिंगटन पोस्ट के स्तंभकार फिलिप बम्प ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मेरा मतलब है कि त्रुटि की संभावना बनी रहती है और सर्वेक्षणों में अंतर हो सकता है और मुझे संदेह है कि कमला हैरिस आयोवा में जीत हासिल करेंगी, लेकिन सेल्ज़र का बहुत सम्मान किया जाता है और आयोवा में अंतर-मार्जिन की दौड़ असंभव नहीं है, खासकर यदि कमला हैरिस के पक्ष में देर से बदलाव की खबरें वास्तविक हों।"
आपको बता दें, कि सेल्ज़र राष्ट्रीय अमेरिकी सर्वेक्षण में सर्वोच्च रेटिंग वाले पोलस्टर हैं, जो प्रसिद्ध नैट सिल्वर द्वारा किया जाता है। सिल्वर ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "कमला हैरिस अगर आयोवा जीतती हैं, तो वो संभवतः मध्य-पश्चिम में अन्य जगहों पर भी जीत हासिल कर रही हैं, खासकर मिशिगन और विस्कॉन्सिन में, और इस स्थिति में उनका इलेक्टोरल कॉलेज जीतना लगभग तय है।"












Click it and Unblock the Notifications