US election 2020: जिद पर अड़े डोनाल्ड ट्रंप, अब पेंसिलवेनिया में नतीजों के खिलाफ दायर किया केस
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हार मानने को तैयार नहीं हैं और उनके इस रवैये ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब ट्रंप कैंपेन की तरफ से पेंसिलवेनिया में एक केस दायर किया गया है। इस केस में कहा गया है कि जो लोग 3 नवंबर को बूथ पर वोट डालने पहुंचे थे, उन्हें मेल-इन वोटर्स की तुलना में कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। डेमोक्रेट जो बाइडेन ने पेंसिलवेनिया में जीत हासिल करते ही 270 का आंकड़ा पार कर लिया और अब वह अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति हैं।
Recommended Video

हर कानूनी-दांवपेंच आजमा रहे ट्रंप
सोमवार को जहां एक तरफ जो बाइडेन ने कोरोना वायरस की टास्क फोर्स को लॉन्च कर दिया तो वहीं ट्रंप की टीम अभी तक कानूनी दांवपेंच के जरिए जीत हासिल करने की कोशिशें करने में लगी है। बाइडेन ने कोरोना वायरस टास्क फोर्स के साथ ही व्हाइट हाउस में सत्ता की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। वहीं ट्रंप अपनी हार मानने को तैयार नहीं हैं। उन पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। ट्रंप, बाइडेन के समक्ष अपनी हार स्वीकारने को तैयार नहीं हैं और इसकी वजह से नए प्रशासन के तहत अगली सरकार के कामकाज में देरी हो सकती है। नतीजे आने के बाद 78 दिनों का वह समय भी शुरू हो चुका है जिसमें इलेक्शन डे से लेकर 20 जनवरी के बीच आधिकारिक तौर पर सत्ता का हस्तातंरण नए चुने राष्ट्रपति को हारे हुए या जाने वाले राष्ट्रपति की तरफ से किया जाता है, इसे ट्रांजिशन पीरियड कहा जाता है। अब तक ऐसा सिर्फ साल 2000 में हुआ था जब रिपब्लिकन पार्टी के जॉर्ज डब्लू बुश ने चुनाव जीता था लेकिन डेमोक्रेट अल गोर ने हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। ट्रंप ने शनिवार को कहा था, 'साधारण सी बात यह है कि यह चुनाव अभी खत्म होने से बहुत दूर हैं। मैं तब तक आराम नहीं करूंगा जब तक कि अमेरिका के लोगों की तरफ से ईमानदारी से दिए हुए वोट की गिनती नहीं हो जाती और जो लोकतंत्र की भी मांग है।'












Click it and Unblock the Notifications