US Election: डोनाल्ड ट्रंप सत्ता न छोड़ने पर अड़े, कहा-अगले हफ्ते आएंगे नतीजे
वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को हुए एक हफ्ते हो चुके हैं। डेमोक्रेट जो बाइडेन विजेता हैं लेकिन चुनाव हार चुके राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अड़ियल रवैये की वजह से अमेरिका में आने वाले दिनों में काफी उठा-पटक की आशंका है। ट्रंप ने एक ट्वीट कर फिर से इस तरफ इशारा कर दिया है कि वो इन नतीजों को स्वीकार करने के लिए रेडी नहीं हैं। विशेषज्ञों की मानें तो रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति के पास अभी इतनी ताकत है कि वो बाइडेन को सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया धीमी कर सकते हैं।

Recommended Video
पेंसिलवेनिया में दायर हुआ केस
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया और लिखा, 'हम बड़ी तरक्की कर रहे हैं। अगले हफ्ते नतीजे आएंगे। दोबारा अमेरिका को ग्रेट बनाइए।' ट्रंप ने एक और ट्वीट किया और लिखा, 'हम जीतेंगे।' शनिवार को जब जो बाइडेन को विजेता बताया गया तो ट्रंप ने अपने रवैये की पहली झलक दे दी। उन्होंने कहा, 'साधारण सी बात यह है कि यह चुनाव अभी खत्म होने से बहुत दूर हैं। मैं तब तक आराम नहीं करूंगा जब तक कि अमेरिका के लोगों की तरफ से ईमानदारी से दिए हुए वोट की गिनती नहीं हो जाती और जो लोकतंत्र की भी मांग है।' ट्रंप के वकील भी रेडी हैं और उनके कैंपेन की तरफ से भी स्पष्ट कर दिया गया है कि चुनाव अभी खत्म नहीं हुए हैं।ट्रंप कैंपेन की तरफ से पेंसिलवेनिया में एक केस दायर किया गया है। इस केस में कहा गया है कि जो लोग 3 नवंबर को बूथ पर वोट डालने पहुंचे थे, उन्हें मेल-इन वोटर्स की तुलना में कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। डेमोक्रेट जो बाइडेन ने पेंसिलवेनिया में जीत हासिल करते ही 270 का आंकड़ा पार कर लिया था।
नई सरकार के लिए मुश्किल
नतीजे आने के बाद 78 दिनों का वह समय भी शुरू हो चुका है जिसमें इलेक्शन डे से लेकर 20 जनवरी के बीच आधिकारिक तौर पर सत्ता का हस्तातंरण नए चुने राष्ट्रपति को हारे हुए या जाने वाले राष्ट्रपति की तरफ से किया जाता है, इसे ट्रांजिशन पीरियड कहा जाता है। अब तक ऐसा सिर्फ साल 2000 में हुआ था जब रिपब्लिकन पार्टी के जॉर्ज डब्लू बुश ने चुनाव जीता था लेकिन डेमोक्रेट अल गोर ने हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। उस समय इलेक्शन डे के 37 दिन बाद जब सुप्रीम कोर्ट ने 12 दिसंबर 2000 फैसला दिया तब जाकर जॉर्ज बुश अपने कार्यकाल के लिए तैयारियां शुरू कर सके थे। मगर ट्रंप का रवैया देखकर लगता है कि अब नए प्रशासन के कार्यकाल में समय लग सकता है। बाइडेन की टीम की तरफ से हस्तातंरण का काम पूरी तरह से शुरू कर दिया गया है। जल्द ही व्हाइट हाउस के लिए नई नियुक्तियों का ऐलान किया जाएगा। सोमवार को कोरोना वायरस टास्क फोर्स की पहली मीटिंग की गई। अमेरिका में प्रेसिडेंशियल ट्रांजिशन एक्ट के तहत जनरल सर्विसेज एडमिनिस्ट्रेशन (जीएसए) नए प्रशासन के स्वागत के लिए काम करता है। एजेंसी की मानें तो उसे अभी तक विजेता के बारे में कुछ नहीं बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications