US आर्मी के दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर्स हवा में टकराए, कम से कम 9 लोगों की मौत की आशंका
ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर्स काफी एडवांस हेलीकॉप्टर्स हैं और जिस बेस पर ये हादसा हुआ है, उसे हाल ही में खोला गया था।

US Army Black Hawk helicopters Collide: अमेरिका के केंटुकी में एक नियमित प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर में कम से कम नौ लोगों के मारे जाने की आशंका है। स्थानीय गवर्नर एंडी बेशियर ने कहा है, कि 'फोर्ट कैंपबेल से ये दुखद समाचार' है। अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर जिस बेस पर टकराए हैं, वो नैशविले शहर से 60 मील उत्तर पश्चिम में केंटकी-टेनेसी सीमा पर स्थित है। ये अमेरिका की 101वीं एयरबोर्न रेजिमेंट और 160 वीं स्पेशल ऑपरेशंस एविएशन रेजिमेंट का बेस है और यहीं नियमित ट्रेनिंग के दौरान खौफनाक हादसा हुआ है।
हवा में टकराए हेलीकॉप्टर्स
हादसे के बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने WKDZ रेडियो को बताया, कि "दोनों हेलीकॉप्टर्स काफी नीचे आ गये थे और ऊपर की तरफ उड़ान भरते समय अचानक एक धमाके की आवाज आई और सबकुछ अचानक बंद हो गया।" स्थानीय शख्स ने कहा, कि "धमाके के बाद हम फौरन उस जगह पर पहुंचे, जहां हमने दो हेलीकॉप्टर्स को हादसे के बाद जलते देखा"। ट्रिग काउंटी के जेलर जेम्स ह्यूजेस ने रेडियो स्टेशन को बताया, कि वह घटनास्थल से करीब आधे मील की दूरी पर थे और उन्होंने भी इस टक्कर की आवाज सुनी और फिर वो भागते हुए मौके पर पहुंचे। वहीं, फोर्ट कैंपबेल के एक प्रवक्ता नोंडिस थुरमन ने पुष्टि की है, कि राजमार्ग 68 के पास ट्रिग काउंटी में बुधवार रात 10 बजे के आसपास (स्थानीय समय) दुर्घटनाएं हुईं। ये विमान दो ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर थे, जिन्हें 101वें एयरबोर्न डिवीजन द्वारा संचालित किया जा रहा था। चालक दल के सदस्य एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान विमान उड़ा रहे थे जब एक 'घटना' हुई। स्थानीय मीडिया ने नौ लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है।
Recommended Video

अमेरिकी सेना ने कई मौतों की पुष्टि की
घटनास्थल पर मौजूद अमेरिकी सेना के एक जवान ने WKDZ रेडियो से पुष्टि की है, कि हादसे में 'कई मौतें' हुई हैं। रेडियो स्टेशन ने बताया, कि ट्रिग काउंटी कोरोनर, जॉन मार्क विंसन को घटनास्थल पर बुलाया गया है। बताया जा रहा है, कि हादसे के वक्त मौसम में कोई खराबी नहीं थी और हवा भी स्थिर थी। वहीं, सैन्य बेस ने एक बयान में कहा है, कि "कमांड वर्तमान में सेवा सदस्यों और उनके परिवारों की देखभाल पर केंद्रित है।" आपको बता दें, कि पिछले साल जुलाई महीने में 5 मिलियन डॉलर की लागत से इस हेलीकॉप्टर ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की गई थी, जिसमें एक समुद्री जहाज उड़ान डेक की भी खासियत है , जिसका उपयोग कठोर पानी के वातावरण में संचालन से पहले एयरक्रूज़ और ग्राउंड ऑपरेटरों के लिए सुरक्षित प्रशिक्षण की सुविधा के लिए किया जाता था।" इस साल फरवरी में, UH-60 अल्फा-मॉडल ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर ने पहली बार पूरी तरह से मानव रहित उड़ान भरी, जिसे फोर्ट कैंपबेल से नियंत्रित किया गया था। (फोटो-- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications