UN चीफ ने WHO की आर्थिक मदद रुकने पर कहा- गलत समय पर लिया गया गलत फैसला
न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्रसंघ (यूएन) के मुखिया एंटोनियो गुटारेशे ने अमेरिका के उस फैसले पर सवाल उठाए हैं जिसमें विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) की फंडिंग को रोकने की बात कही गई है। यूएन चीफ ने कहा है कि अभी यह सही समय नहीं है जब संगठन के संसाधनों में कटौती की जाए। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डब्लूएचओ की फंडिंग रोकने का फैसला किया है। ट्रंप ने आरोप लगाया है कि संगठन ने कोरोना वायरस महामारी से निबटने में चीन का पक्ष लिया है। अमेरिका की तरफ से डब्लूएचओ को 440 मिलियन डॉलर की मदद दी गई थी।

यह भी पढ़ें-यूरोप ने जिस PPE किट्स पर उठाए सवाल, भारत को बेच रहा चीन
WHO के संसाधनों में कटौती का सही समय नहीं
यूएन चीफ गुटारेशे ने मंगलवार को कहा कि अभी डब्लूएचओ या फिर दूसरे संगठन जो मानवीय कार्यो में लगे हैं और महामारी के खिलाफ लड़ रहे हैं, उनके संसाधनों को कम नहीं करना चाहिए। गुटारेशे ने कहा कि यह समय संगठित होने का है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को साथ में आकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वायरस को रोकने में बस एक यही कारगर उपाय है। मंगलवार को अमेरिका में एक ही दिन में महामारी की वजह से 2,228 लोगों की मौत हो गई है। यह इस देश का सर्वोच्च आंकड़ा है। इस आंकड़े के साथ ही ट्रंप और डब्लूएचओ के बीच तनाव बढ़ गया है। ट्रंप ने इसी मौके पर संगठन की फंडिंग रोकने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि वह महामारी से अपने प्रशासन के निबटने में असफल रहने का दोष नहीं लेना चाहते हैं। कई लोग दबी जुबान से मान रहे हैं कि ट्रंप अपनी असफलता के लिए डब्लूएचओ को बलि का बकरा बना रहे हैं। अमेरिका में मंगलवार शाम तक 25,980 लोग मारे गए थे। जॉन हॉपकिंस ट्रैकर के मुताबिक अब तक 608,377 लोग संक्रमित हैं। यूएन चीफ ने कहा कि अगर अभी दुनिया संगठित नहीं हुई तो फिर इसके परिणाम देखने को मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications