संयुक्त राष्ट्र श्रीलंका और उसके लोगों को सपोर्ट करने के लिए तैयार है- महासचिव
कोलंबो, 11 जुलाईः संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस श्रीलंका के घटनाक्रम पर करीब से नज़र रख रहे हैं। उन्होंने श्रीलंका में सभी पक्षों से बातचीत में शामिल होने का आह्वान किया है ताकि नयी सरकार गठित हो सके और देश के आर्थिक संकट का स्थायी हल निकाला जा सके। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि महासचिव श्रीलंका के घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं और वह मुसीबत में घिरे श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। बयान में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सभी पक्षों से नयी सरकार सुनिश्चित करने और आर्थिक संकट का स्थायी हल खोजने के लिए बातचीत में शामिल होने का आह्वान किया है।
महासचिव ने हिंसक घटनाओं की निंदा की और शांति कायम रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि संयुक्त राष्ट्र श्रीलंका और उसके लोगों का समर्थन करने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि श्रीलंका आजादी के बाद अपने सबसे बड़े आर्थिक-राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रहा है। 2.2 करोड़ लोगों की आबादी वाला देश सात दशकों में सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। श्रीलंका में विदेशी मुद्रा की भारी कमी है, जिससे देश ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं के जरूरी आयात के लिए भुगतान कर पाने में असमर्थ हो गया है। इन हालात के बीच जनता सड़कों पर है और देश में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications