युद्ध के बीच यूक्रेनी नागरिकों का हौंसला देखिए, रूसी ड्रोन समझ महिला ने टमाटरों से कर दिया उसपर हमला
नई दिल्ली, मार्च 09। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेनी सेना के साथ-साथ वहां के लोगों ने भी रूसी सैनिकों से लड़ने का मन बना लिया है। यहां तक कि खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति लोगों का हौंसला बढ़ाने का काम कर रहे हैं और शायद यही वजह है कि यूक्रेनी नागरिक किसी भी परिस्थिति में लड़ने-भिड़ने को तैयार हैं। इसका एक उदाहरण पिछले कई दिनों से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। दरअसल, एक यूक्रेनी महिला की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस महिला ने अपने घर के आसपास उड़ रहे ड्रोन को मार गिराने का काम किया और इसके लिए उसने घर में रखे टमाटरों का इस्तेमाल किया।

रूसी ड्रोन समझ टमाटरों से किया हमला
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेट पर इस महिला की स्टोरी लोगों को काफी आकर्षित कर रही है और लोग महिला की बहादुरी और साहस को सलाम कर रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला ने अपने किचन में रखे टमाटर से ही रूसी ड्रोन को मार गिराया। यूक्रेनी समाचार वेबसाइट Liga.net ने इस महिला का इंटरव्यू किया और पूरी जानकारी इकट्ठा की। इस महिला का नाम एलेना है और उसने बताया कि वो किसी भी हालात में राजधानी कीव से बाहर नहीं जाएगी और यहीं रहकर अपने देश के लिए लड़ेगी।

सुनिए एलेना की कहानी
इंटरव्यू में एलेना ने बताया है कि जब वो अपने घर की बालकनी में बैठी थी तो तभी एक ड्रोन के उड़ने की आवाज उसे सुनाई दी। उसकी नजर उस ड्रोन पर जैसे ही पड़ी तो वो घबरा गई। महिला ने बताया कि उसने मीडिया में देखा था कि रूस ऐसे ड्रोन का इस्तेमाल यूक्रेन में बिल्डिंगों को जलाने के लिए कर रहा है, बस यही सोचकर एलेना ने तुरंत किचन से टमाटर उठाए और ड्रोन पर बरसाने शुरू कर दिए।

एलेना ने मार गिराया ड्रोन
एलेना ने बताया कि उसकी कोशिश यही थी कि ड्रोन को मार गिराया जाए और उसने ऐसा कर भी दिया था। बाद में एलेना ने ड्रोन को पूरी तरह खत्म कर दिया। इस दौरान एलेना ने बताया कि मेरी इस घटना को लेकर ये भी कहा जा रहा है कि मैंने खीरे के अचार का डिब्बा ड्रोन पर मारा था, जो कि एक अफवाह है, मुझे नहीं पता कि ये अफवाह कहां से आई।












Click it and Unblock the Notifications