कीव में एक रिहायशी इमारत पर रूसी सेना का रॉकेट से हमला, यूक्रेनी एक्ट्रेस ओक्साना श्वेत्स की मौत
कीव, मार्च 18। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज 23वां दिन है और राजधानी कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों पर रूस के हमले अभी भी जारी हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी रूसी सेना का आक्रमण कम नहीं हो रहा है, लेकिन इस बीच राजधानी कीव में रूसी सेना ने एक रिहायशी इमारत पर रॉकेट से हमला किया है। इस हमले में यूक्रेन की एक्ट्रेस ओक्साना श्वेत्स की मौत हो गई है।

ओक्साना के ग्रुप ने की मौत की पुष्टि
न्यूज एजेंसी ANI की खबर के मुताबिक, ओक्साना की मौत की पुष्टि उनके कुछ करीबियों के एक ग्रुप यंग थिएटर ने की है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कीव में एक रिहायशी इमारत पर रॉकेट से हमला हुआ है। इस हमले में यूक्रेन की एक टैलेंटेड अभिनेत्री ओक्साना श्वेत्स की दर्दनाक मौत हो गई है।
यूक्रेन के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित थी ओक्साना
इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओक्साना की उम्र 67 साल थी और यूक्रेनी फिल्म इंडस्ट्री की बहुत दिग्गज कलाकारों में से एक थीं। उनकी एक्टिंग के लिए उन्हें यूक्रेन के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया था। 10 फरवरी 1955 को जन्मी श्वेत्स ने इवान फ्रेंको थिएटर और कीव स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ थिएटर आर्ट्स में थिएटर स्टूडियो से अपनी ग्रैजुएशन की पढ़ाई की थी। इसके बाद यंग थिएटर में काम के अलावा, श्वेत्स ने टर्नोपिल म्यूजिक एंड ड्रामा थिएटर और कीव थिएटर के साथ भी काम किया था।
10 दिन पहले एक अन्य एक्टर की भी हो चुकी है मौत
आपको बता दें कि यूक्रेन में पिछले एक हफ्ते के अंदर यह दूसरे कलाकार की मौत रूस के हमले में हुई है। इससे पहले करीब 10 दिन पहले रूसी की ही गोलीबारी में यूक्रेन के नामी कलाकार पाशा जंग की मौत हो गई थी। पाशा ने युद्ध के मैदान में हथियार थामने का फैसला कर लिया था, जिसके बाद रूसी सेना की गोलीबारी में वो मारे गए थे। यूक्रेन के इरपिन इलाके में उनकी मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications