Ukraine War: धमकियों के बाद भी यूक्रेन ने रूस पर किया ATACMS मिसाइल से हमला, कैसा होगा पुतिन का बदला?
Ukraine strikes Russia: आरबीसी यूक्रेन के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मंजूरी मिलने के बाद पहली बार यूक्रेनी सेना ने रूस के अंदर हमला करने के लिए अमेरिकी लंबी दूरी की ATACMS मिसाइलों का इस्तेमाल किया है।
यह कथित हमला बाइडेन की तरफ से रूस के अंदर हमलों के लिए लंबी दूरी के अमेरिकी हथियारों के इस्तेमाल को मंजूरी दिए जाने के दो दिन बाद हुआ है। जिसके बाद परमाणु युद्ध की आशंका काफी बढ़ गई है, क्योंकि बाइडेन की मंजूरी के बाद रूस ने परमाणु बमों के इस्तेमाल को लेकर अपने नियम बदल दिए हैं।

महीनों तक बाइडेन ने तनाव बढ़ने की चिंताओं के कारण यूक्रेन को इस तरह के हमलों की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन द डेली टेलीग्राफ के अनुसार, रूस की तरफ से 10,000 से ज्यादा उत्तर कोरियाई सैनिकों को युद्ध में शामिल किए जाने के बाद बाइडेन ने यूक्रेन को रूस के अंदर अमेरिकी बैलिस्टिक मिसाइलों के इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है।
अखबार ने बताया है, कि बाइडेन ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में उत्तर कोरिया की तैनाती को एक ऐसी स्थिति के रूप में देखा, जिसके लिए रूस के अंदर ऐसी लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की अनुमति आवश्यक थी।
एक दिन पहले, रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट में कहा गया है, कि रूसी सांसद व्लादिमीर दजबारोव ने कहा है, कि यूक्रेन को अमेरिका द्वारा आपूर्ति की गई मिसाइलों से रूस के अंदर हमला करने की अनुमति देने से तीसरा विश्व युद्ध छिड़ जाएगा। सांसद ने कहा कि रूसी प्रतिक्रिया फौरन दी जाएगी।
बाइडेन ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब वे दो महीने में पद छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि राष्ट्रपति चुनाव में जीतने वाले डोनाल्ड ट्रंप, 20 जनवरी को पदभार ग्रहण करेंगे।

ट्रंप और उनके आने वाले प्रशासन के सदस्यों ने संकेत दिया है, कि वे रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन का भारी समर्थन करने को लेकर ज्यादा संशय में हैं, और यह फिलहाल साफ नहीं है, कि ट्रंप, यूक्रेन को रूस के अंदर अमेरिका द्वारा आपूर्ति किए गए हथियारों का उपयोग करने की अनुमति देने के फैसले को पलटेंगे या नहीं।
रिपब्लिकन नेता ने युद्ध को जल्दी खत्म करने का वादा किया है, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया है, कि वे ऐसा कैसे करेंगे।
सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया है, कि यूक्रेन द्वारा अमेरिका निर्मित आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम (ATACMS) रॉकेट का उपयोग करने की उम्मीद है, जिसकी रेंज 190 मील (306 किमी) तक है, और कीव (यूक्रेन की राजधानी) अभी भी अमेरिका के अपने मुताबिक अनुकूल प्रशासन का लाभ उठा रहा है। जेलेंस्की, रूसी क्षेत्र के अंदर सैन्य ठिकानों के खिलाफ हथियारों का उपयोग करने की अनुमति के लिए महीनों से दबाव बना रहे थे।
फ्रांसीसी समाचार पत्र ले फिगारो की तरफ से प्रकाशित रिपोर्टों की ओर इशारा करते हुए, कि ब्रिटेन और फ्रांस भी रूस में यूक्रेन द्वारा अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों का उपयोग करने की अनुमति देंगे, अल जजीरा के राजनयिक संवाददाता जेम्स बेज़ ने कहा है, कि "इन पश्चिमी देशों का मकसद यूक्रेन का समर्थन करना है, विशेष रूप से रूस के उस कुर्स्क क्षेत्र में, जिस पर यूक्रेन ने कब्जा कर रखा है"।












Click it and Unblock the Notifications