Donald Trump: यूक्रेन ने की डोनाल्ड ट्रंप के साथ शांति वार्ता पर बात करने की घोषणा, भारत से भी मांगी जाएगी मदद
Ukraine Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति का पदभार संभालने के साथ ही यूक्रेन ने कहा है, कि वो बगैर समय बर्बाद किए यूक्रेन में शांति लाने के लिए जल्द ही ट्रंप प्रशासन से बातचीत शुरू करेगा।
सोमवार शाम कीव से नई दिल्ली के पत्रकारों के साथ एक वर्चुअल बातचीत के दौरान, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री यरमक ने कहा है, कि राष्ट्रपति वलोडिमीर ज़ेलेंस्की युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ट्रंप प्रशासन की ओर सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। यूक्रेन युद्ध के अगले महीने 3 साल पूरे होने वाले हैं।

डोनाल्ड ट्रंप के साथ शांति वार्ता के लिए यूक्रेन तैयार (Ukraine ready for peace talks with Donald Trump)
एंड्री यरमक ने एक सवाल के जवाब में कहा, कि "हम इस युद्ध को समाप्त करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका को बहुत सकारात्मक रूप से देख रहे हैं। हम नए अमेरिकी प्रशासन के साथ परामर्श शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, कि यूक्रेन, भारत और दक्षिण अफ्रीका जैसे गैर-पश्चिमी देशों की ओर भी इसमें भूमिका निभाने के लिए देख रहा है, जिनका वैश्विक प्रभाव है।
डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल जून में एक चुनावी रैली में कहा था, कि "राष्ट्रपति पद जीतने के तुरंत बाद, ओवल ऑफिस पहुंचने से पहले ही मैं रूस और यूक्रेन के बीच भयानक युद्ध को सुलझा लूंगा।" रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने हाल ही में कहा है, कि वे यूक्रेन संघर्ष पर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति से आने वाले संकेतों का स्वागत करते हैं।
कई सप्ताह पहले, यरमक ने अमेरिका का दौरा किया था और विदेश मंत्री के लिए ट्रंप के नामित मार्को रुबियो से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा, "हम समय नहीं गंवाएंगे और (ट्रम्प के शपथ ग्रहण के बाद) तुरंत इस दिशा में काम करना शुरू कर देंगे।"
भारत की संभावित भूमिका के बारे में यरमक ने कहा, "भारत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक है, और न केवल क्षेत्रीय, बल्कि एक विश्व नेता है, और इसकी स्थिति एक बड़ी भूमिका निभा सकती है। पिछले दो वर्षों के दौरान, हमने शांति सूत्र के मंच पर बहुत सारी बैठकें की हैं, जिसे स्विट्जरलैंड में प्रस्तुत किया गया था।"
उन्होंने कहा, "मैं अपने भारतीय सहयोगी अजीत डोभाल (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) के साथ बातचीत जारी रखने का इंतजार कर रहा हूं, जिनके साथ हमने इस पूरे समय काम किया है।"
उन्होंने आगे कहा, कि "वैश्विक लक्ष्य इस युद्ध को समाप्त करना है, मुझे यकीन है कि भारत की स्थिति यह है, कि इस युद्ध को समाप्त करना बेहद महत्वपूर्ण है, न कि केवल कुछ अस्थायी युद्धविराम के जरिए शांति लाकर।"
बातचीत के दौरान, यरमक ने ब्रिटेन स्थित अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार वकील और हाउस ऑफ लॉर्ड्स की लेबर सदस्य बैरोनेस हेलेना कैनेडी के साथ युद्धग्रस्त क्षेत्रों में बच्चों के सामने आने वाले विनाशकारी मानवीय संकट पर भी बात की, विशेष रूप से यूक्रेनी बच्चों के बारे में, जिन्हें जबरन विस्थापित कर दिया गया है या उनके घरों से निर्वासित कर दिया गया है।
केनेडी, ब्रिंग किड्स बैक टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष ने रूसी सेना की तरफ से अपहृत यूक्रेनी बच्चों की चिंताजनक स्थिति पर प्रकाश डाला और उन्होंने अनुमान लगाया है, 10,000 से 19,000 बच्चों को रूस ले जाया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया, कि इससे बच्चों पर गंभीर मनोवैज्ञानिक प्रभाव पड़ सकता है और वे अपनी पहचान और याददाश्त खो सकते हैं।
उन्होंने यूक्रेनी बच्चों को वापस लाने में भारत की मदद भी मांगी, खासकर इसलिए, क्योंकि पीएम मोदी युद्ध की शुरुआत में यूक्रेन में फंसे भारतीय मेडिकल छात्रों को निकालने में हस्तक्षेप करते हुए कुछ समय के लिए युद्ध रूकवा दिया था। यरमक ने कहा, कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने 2024 में कीव की यात्रा के दौरान पीएम मोदी के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी।












Click it and Unblock the Notifications