यूक्रेन से भारतीयों के रेस्क्यू ऑपरेशन में पाकिस्तान कर रहा बहुत बड़ी मदद, एयर इंडिया पायलट का खुलासा
एयर इंडिया विमान के पायलट-इन-कमांड कैप्टन अचिंत भारद्वाज ने दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद एएनआई से खास बातचीत के दौरान पाकिस्तानी मदद का खुलासा किया है।
कीव/नई दिल्ली/इस्लामाबाद, फरवरी 27: यूक्रेन में फंसे भारतीयों का काफी तेजी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। रविवार सुबह सुबह एयर इंडिया के विशेष विमान से 250 भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू कर भारत लाया गया है। एयर इंडिया की AI-1942 को बुखारेस्ट से दिल्ली हवाई अड्डे के लिए एक विशेष चार्टर उड़ान के रूप में संचालित किया गया है।
Recommended Video

पाकिस्तान की दिलचस्प सहायता
एयर इंडिया विमान के पायलट-इन-कमांड कैप्टन अचिंत भारद्वाज ने दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद एएनआई से खास बातचीत के दौरान भारत के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान की बहुत बड़ी मदद का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि, पाकिस्तान ने अपने एयर रूट का इस्तेमाल करने की रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डायरेक्ट इजाजत दे दी, जो काफी दिलचस्प है। पायलट-इन-कमांड कैप्टन अचिंत भारद्वाज ने कहा कि, ‘'पाकिस्तान सहित सभी हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने निकासी मिशन के दौरान समर्थन कर रहे हैं''। उन्होंने कहा कि, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान फौरन भारत की मदद के लिए तैयार हो गया।

पाकिस्तान ने खोला हवाई-रास्ता
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे एयर इंडिया के पायलट-इन-कमांड कैप्टन अचिंत भारद्वाज ने कहा कि "दिलचस्प बात यह है कि पहले रोमानियाई और फिर वापस दिल्ली तक और वहां से तेहरान के रास्ते पाकिस्तान तक, सभी एटीसी नेटवर्क से हमें अच्छा समर्थन मिला है।‘' उन्होंने कहा कि, ‘'पाकिस्तान ने भी हमसे बगैर कोई सवाल पूछे, हमें समय बचाने के लिए उसके हवाई-रास्ते के डायरेक्ट इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी, जिसकी वजह से हमारा काफी वक्त बच गया।‘' एयर इंडिया के पायलट का ये खुलासा काफी अहम है, क्योंकि पिछले दो सालों से भारत और पाकिस्तान के संबंध काफी खराब चल रहे हैं और पाकिस्तान ने अपने हवाई रास्ते को भारत के लिए बंद कर रखा है। हालांकि, कुछ खास मौकों पर ही पाकिस्तान अपने एयर रूट को भारत के लिए खोलता है। भारतीय राष्ट्रपति के लिए पाकिस्तान कई बार हवाई रास्ता इस्तेमाल करने की इजाजत देने से इनकार कर चुका है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे दो दर्जन सदस्य
यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित घर वापसी के लिए एयर इंडिया के विशेष विमान के चालक दल के 2 दर्जन से ज्यादा क्रू मेंबर्स दिन रात काम कर रहे हैं। रोमानिया से भारत के लिए विशेष उड़ान के लिए पांच पायलट, 14 केबिन क्रू, तीन विमान इंजीनियर और दो सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। कैप्टन अंचित भारद्वाज से उनके सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि, "यह एक अच्छी तरह से समन्वित प्रयास था। उन्हें (भारतीय छात्रों) अपने देश में वापस लाना हमारे लिए विशेष बात था। हमें इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की खुशी है।" कैप्टन ने कहा कि, ‘'हम रोमानिया मार्ग पर उड़ान नहीं भरते हैं, लेकिन आमतौर पर यूरोप के लिए रोमानिया के ऊपर से ही उड़ान भरते हैं, लेकिन भारत सरकार ने एटीसी के साथ काफी बेहतरीन तालमेल बनाया हुआ है''।

बेहद बहादुर पायलट हैं अंचित भारद्वाज
आपको बता दें कि, इसी महीने ब्रिटेन में आए एक भयानक तूफान में एयर इंडिया का एक विमान फंस गया था और एयर इंडिया के पायलट ने काफी मुश्किलों के बाद तूफान में बुरी तरह से फंसे और लड़खड़ा रहे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई थी और तूफान के बीच फंसे विमान की सुरक्षित लैडिंग करवाने वाले पायलट का नाम अंचित भारद्वाज ही है।

पीएम ने की यूक्रेनी राष्ट्रपति से बात
रूस के खिलाफ असहाय महसूस कर रहे यूक्रेन ने एक बार फिर भारत की तरफ मदद की आस से देखा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने आज ट्वीट कर बताया कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। जेलेंस्की ने पीएम मोदी को यूक्रेन के हालात से अवगत कराया और राजनीतिक समर्थन देने का आग्रह किया। दोनों राष्ट्राप्रमुखों के बीच हुई बातचीत के संबंध में और अधिक जानकारी देते हुए पीएमओ ने बताया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से बात की। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को यूक्रेन में जारी संघर्ष की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने जारी संघर्ष के कारण जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हिंसा की तत्काल समाप्ति और बातचीत के लिए अपने आह्वान को दोहराया और शांति प्रयासों के लिए किसी भी तरह से योगदान करने की भारत की इच्छा व्यक्त की। पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने पर भी बात की है।












Click it and Unblock the Notifications