लंदन: पीएम मोदी के विरोध में तिरंगा फाड़ने पर ब्रिटेन ने मांगी माफी, विदेश मंत्रालय ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
लंदन। कॉमनवेल्थ समिट में हिस्सा लेने गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लंदन में विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। उस दौरान उग्र प्रदर्शनकरियों ने पार्लियामेंट स्क्वायर पर लगे फ्लैग पोल से भारतीय झंडे को उतारकर उसे फाड़ दिया था। इस घटना के बाद ब्रिटिन ने माफी मांगी है। पीएम मोदी और भारत के विरोध में उतरे प्रदर्शनकारियों ने उस दौरान कुछ भारतीय पत्रकारों के साथ भी बदसलूकी की थी। वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इस घटना के बाद कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों को शांति से विरोध करने का अधिकार है, लेकिन पार्लियामेंट स्क्वायर पर जो घटना घटी है, उससे हम काफी निराश है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंदन दौरे का विरोध करने के लिए यूके सिख फेडरेशन के खालिस्तान समर्थक और तथाकथित मोदी विरोधी लोग पाकिस्तानी मूल के पीर नजीर अहमद के साथ करीब 500 लोग पार्लियामेंट स्क्वायर पर प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि, पीएम थेरेसा मे ने पार्लियामेंट स्क्वायर और डाऊनिंग स्ट्रीट पर हुए मोदी के विरोध का जवाब पार्लियामेंट में नहीं दिया। यूके की संसद में कंजरवेटिव पार्टी के सांसद बोब ब्लैकमैन ने अपनी पीएम से इस घटना की निंदा करने के लिए कहा।
पार्लियामेंट स्क्वायर और डाऊनिंग स्ट्रीट पर हाथों में तख्तियां लेकर खड़े लोगों ने 'मोदी तुम्हारे हाथ खून से रंगे हैं' 'मोदी का स्वागत नहीं' जैसे शब्दों का प्रयोग किया। इसके अलावा पाकिस्तान समर्थक लोग कश्मीर की आजादी के नारे लगाते हुए देखे गए थे।
हालांकि, थेरेसा मे ने मोदी के विरोध को लेकर पार्लियामेंट में चुप्पी साधते हुए कहा कि भारत हमेशा से ही यूके का अच्छा दोस्त रहा है और प्रवासी भारतीयों ने यहां के समाज और अर्थव्यवस्था को खड़ा करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।












Click it and Unblock the Notifications