तुर्की-सीरिया भूकंप में मरने वालों की संख्या 43, 000 पार, 11वें दिन भी मलबे से जिंदा निकाले गये लोग
भीषण भूकंप के बाद जहां सीरया में राहत अभियान को तेज होना चाहिए था, वहां अभी भी संघर्ष चल रहा है और भूकंप से बुरी तरह प्रभावित विद्रोही कब्जे वाले शहर अतरेब के बाहरी इलाके में सरकारी फोर्स ने विद्रोहियों पर गोलाबारी की है

Turkey-Syria Quake: तुर्की के गृहमंत्री सुलेमान सोयलू ने ताजा अपडेट में कहा है, कि तुर्की में मरने वालों की संख्या 39,672 हो चुकी है, जिससे तुर्की और सीरिया, दोनों जगहों को मिलाकर भूकंप से मरने वालों की कुल संख्या 43,360 हो गई है। तुर्की में इस महीने आया ये भूकंप आधुनिक इतिहास का सबसे घातक प्राकृतितक आपदा है, जिसमें 7.8 मैग्नीच्यूड की तीव्रता से आए भूकंप के कारण देश में भारी तबाही मची है और अरबों डॉलर का इन्फ्रास्ट्रक्चर भी तबाह हो गया है। वहीं, अलजजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है, कि मौत के आंकड़े में अभी भी इजाफा होने की आशंका है।

अभी भी जिंदा मिल रहे हैं लोग
तुर्की में आए भूकंप का आज 11वां दिन है और लोगों को खोजने की कवायद आज भी जारी है। दुनिया के कई देशों की रेस्क्यू टीमें तुर्की में राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, बचावकर्मियों ने शक्तिशाली भूकंप आने के 11 दिनों से ज्यादा समय के बाद, भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभाविक हटे प्रांत के डेफने जिले में मलबे में दबे एक शख्स को जिंदा निकाला है, जो एक इमारत के मलबे में फंसा हुआ था। तुर्की की सरकारी अनादोलु समाचार एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के बाद 45 साल के हकन यासिनोग्लु पिछले 278 घंटे से मलबे में फंसा हुए थे, जिन्हें अब जाकर जिंदा बाहर निकाला गया है। लोकल मीडिया के टीवी फुटेज में उन्हें स्ट्रेचर पर एंबुलेंस में ले जाते हुए दिखाया गया है।

जारी है राहत और बचाव कार्य
तुर्की के भूकंप प्रभावित इलाकों में रात भर राहत और बचाव कार्य चलता रहता है और अलग अलग टीमें लगातार अपना अभियान चला रही हैं। वहीं, खोजी टीमों को भूकंप के मलबे में एक महिला और दो पुरुष भी जीवित मिले हैं। भूकंप से तबाह हुए शहरों में अब मलबों को शहर से बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। निजी डीएचए समाचार एजेंसी ने गुरुवार देर रात रिपोर्ट दी है, कि दो बच्चों की मां 29 साल की नेसलिहान किलिक को 258 घंटे तक फंसे रहने के बाद कहारनमारस में एक इमारत के मलबे से निकाला गया है। वहीं, अंतक्या शहर में, पुलिस के बचाव दल ने एक ढह गई इमारत से 17 शवों को निकालने के बाद उस्मान नाम के एक 12 साल के लड़के को जिंदा बचाया है। पुलिस बचाव दल के नेता ओकन तोसुन ने डीएचए को बताया, कि "जब हमारी उम्मीदें खत्म हो गईं, तो हम 260वें घंटे में उस्मान के पास पहुंच गए और उसे हमने जिंदा बाहर निकाल लिया।"
Recommended Video


200 जगहों पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
तुर्की के उप राष्ट्रपति फुअत ओकटे ने शुक्रवार को कहा है, कि क्षेत्र में कम से कम 200 जगहों पर राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने कहा है, कि 9 फरवरी के बाद से उत्तर पश्चिमी सीरिया में तुर्की से सहायता ले जाने वाले कुल 143 ट्रक सीमा पार कर चुके हैं। मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के प्रवक्ता जेन्स लेर्के ने कहा, कि ट्रकों में संयुक्त राष्ट्र की छह एजेंसियों की "बहुत सारी" चीज़ें हैं, जिनमें सीरिया में भूकंप प्रभावित लोगों के लिए टेंट, गद्दे, कंबल, सर्दियों के कपड़े, हैजा परीक्षण किट, आवश्यक दवाएं और भोजन सामग्री शामिल हैं। उन्होंने कहा, कि मानवीय सहायता लेकर टीमें बाब अल-हवा और बाब अल-सलाम के सीमावर्ती फाटकों से सीरिया में दाखिल हुए हैं।

सीरिया में भूकंप से कैसे हैं हालात?
सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं और बाब अल-हवा सीमा पार के एक अधिकारी ने कहा, कि कम से कम 1,522 सीरियाई लोगों के शवों को दफनाया गया है। वहीं, यूके स्थिति युद्ध मॉनिटर थिंक टैंक सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स, ने बताया है, तुर्की में रहने वाले 1745 सीरियाई मृतकों के शव सीरिया में वापस आ गये हैं, जिन्हें दफनाया गया है। सीरिया में पिछले कई सालों से गृहयुद्ध चल रहा है, जिसने देश की स्थिति को पहले से ही तबाह कर रखा था, वहां अब भूकंप ने कहर बरपाया है। सीरिया में 5800 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, लेकिन सीरियाई क्षेत्रों पर नजर रखने वाले थिंक टैंक्स का कहना है, कि सीरिया में बचाव अभियान काफी कमजोर है, लिहाजा मौत का आंकड़ा इससे कहीं और ज्यादा है। सबसे हैरान करने वाली रिपोर्ट ये है, कि भीषण भूकंप के बाद जहां सीरया में राहत अभियान को तेज होना चाहिए था, वहां अभी भी संघर्ष चल रहा है और भूकंप से बुरी तरह प्रभावित विद्रोही कब्जे वाले शहर अतरेब के बाहरी इलाके में सरकारी फोर्स ने विद्रोहियों पर गोलाबारी की है।












Click it and Unblock the Notifications