तुर्की में एदोर्गन के खिलाफ भड़का गुस्सा, सरकार ने Twitter बैन किया, विपक्षी बोले- VPN से ट्विटर चलाएंगे
लोगों का कहना है कि सरकार लोगों की मदद के लिए पर्याप्त तेज कदम नहीं उठा पा रही है। लोगों के बढ़ते गुस्से को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हवा दे रहे हैं जिसके बाद तुर्की सरकार ने देश में ट्विटर पर बैन लगा दिया है।

File Image: PTI
तुर्की और सीरिया में सोमवार को आए महाशक्तिशाली भूकंप ने भयंकर तबाही मचाई है। AFP न्यूज के मुताबिक, दोनों देशों में मरने वालों की संख्या 15 हजार से ज्यादा हो गई है। घायलों की संख्या 50 हजार के करीब हो गई है। मदद के लिए WHO और UN समेत दुनियाभर के 70 से भी ज्यादा देश आगे आए हैं। स्थानीय के मुताबिक, सीरिया में 3 लाख लोगों को मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा है। इस बीच देश के लोगों का सरकार के खिलाफ गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकार लोगों की मदद के लिए पर्याप्त तेज कदम नहीं उठा पा रही है। लोगों के बढ़ते गुस्से को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हवा दे रहे हैं जिसके बाद तुर्की सरकार ने देश में ट्विटर पर बैन लगा दिया है।
3 में से 2 कंपनियों ने लगाई रोक
तुर्की में ट्विटर को प्रतिबंधित कर दिया गया है। तुर्की में इंटरनेट प्रदान करने वाली 3 कंपनियां हैं। इसमें से 2 कंपनियों TurkTelekom और Turkcell ने ट्विटर एक्सेस को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। तीसरी इंटरनेट प्रदाता कंपनी वोडाफोन फिलहाल ट्विटर यूज करने की अनुमति दे रही है लेकिन ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये भी जल्द ही ट्विटर को अल्पकालिक समय के लिए ब्लॉक करने जा रही है।
अक्टूबर 2022 में पास हुआ बिल
आपको बता दें कि तुर्की सरकार ने अक्टूबर 2022 में सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के खिलाफ एक बिल पास किया था। इस बिल के मुताबिक यदि सोशल मीडिया कंपनियां देश से जुड़ी गलत जानकारी अपनी साइट से नहीं हटाती हैं, तो उनपर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। देश में आपत्तिजनक पोस्ट के लिए अब तक 18 लोगों को हिरासत में लिया है और 5 को गिरफ्तार किया गया है। ट्विटर पर ये दावा किया जा रहा है कि सरकार भूकंपों से तबाह हुए कई इलाकों में कोई भी सहायता देने में विफल साबित हुई है।
विपक्षी दल ने की निंदा
फिलहाल तुर्की सरकार ने ट्विटर प्रतिबंध की घोषणा को लेकर कोई भी टिप्पणी नहीं की है। हालांकि इससे पहले सरकार कई आपदाओं के बाद जैसे कि आतंकी हमले और विरोध प्रदर्शनों के बाद सोशल मीडिया के उपयोग को प्रतिबंधित कर चुकी है। हालांकि तुर्की में ट्विटर बंद करने की आलोचना शुरू हो गई है। कई विशेषज्ञों, विपक्षी दल और संगठन का कहना है कि जीवित बचे लोगों और पीड़ितों की तलाश करने वाले कई लोगों के साथ-साथ राष्ट्रव्यापी सहायता अभियानों के लिए ट्विटर संचार का मुख्य स्रोत है।
विपक्षी नेता बोले- VPN यूज करें
मुख्य विपक्षी रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी, CHP के नेता केमल किलिकडारोग्लू ने कहा कि वे VPN के साथ ट्विटर का इस्तेमाल करना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने अपने इलाके में अपने दोस्तों को खुलकर VPN की मदद से ट्विटर का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। यह पागलपन है...सरकार सोशल मीडिया नेटवर्क को कैसे प्रतिबंधित कर सकती है..." इससे पहले तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने बुधवार को भूकंप प्रभावित शहरों का दौरा किया और सरकार की धीमी प्रतिक्रिया के कारण लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
VPN क्या है?
VPN एक वर्चुअल नेटवर्क होते हैं, जो यूजर्स की डिवाइस के IP एड्रेस को बाईपास करने का काम करता है। इससे डिवाइस को ट्रैक नहीं किया जा सकता है। जब VPN मोड ऑन होता है, तो यूजर्स का नेटवर्क एक सुरक्षित रूट से काम करता है, जो किसी भी ट्रैकिंग से दूर हो जाता है। आसान भाषा में कहें, तो एक VPN डेटा के लिए कई प्रॉक्सी पहचान बनाता है और डेटा की सामग्री को परेशान किए बिना इसे सुरक्षित रूप से वितरित करता है। दरअसल VPN अधिकतर वेबसाइट और साइबर अपराधी को ट्रैक करने से बचाता है। साथ ही VPN डिवाइस के लोकेशन को छुपा देता देता है। इससे सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को किसी भी डिवाइस की सटीक लोकेशन हासिल करन में दिक्कत होती है।












Click it and Unblock the Notifications