ट्रंप ने दी चेतावनी: "अगर iPhone भारत में बना तो Apple को अमेरिका में 25% टैरिफ देना होगा"
Trump Warns Apple: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर Apple पर दबाव बनाते हुए कहा है कि अगर कंपनी भारत में iPhone बनाकर अमेरिका में बेचती है, तो उसे 25 प्रतिशत आयात शुल्क देना होगा। ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए यह चेतावनी दी।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार ट्रंप ने लिखा, "मैं पहले ही Apple के सीईओ टिम कुक को बता चुका हूं कि जो iPhone अमेरिका में बेचे जाएंगे, उनका निर्माण अमेरिका में ही होना चाहिए - न कि भारत या किसी और देश में। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो Apple को अमेरिका को कम से कम 25% टैरिफ चुकाना होगा। इस विषय पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"

इससे पहले 15 मई को कतर की राजधानी दोहा में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने टिम कुक से बात की है और भारत में Apple के विस्तार को सीमित करने की सलाह दी है।
हाल ही में Apple ने भारत में अपने iPhone उत्पादन को बढ़ाया है। कंपनी ने तमिलनाडु में दो और कर्नाटक में एक असेम्बली प्लांट स्थापित किया है। इन प्लांट्स के लिए Apple ने फॉक्सकॉन और टाटा समूह जैसी कंपनियों से अनुबंध किया है।
मार्च 2025 तक समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में Apple ने भारत में 22 अरब अमेरिकी डॉलर के iPhone बनाए, जो पिछले साल की तुलना में 60 प्रतिशत की वृद्धि है। 2024 में भारत में लगभग 40 से 45 मिलियन iPhones का निर्माण हुआ, जो Apple की वैश्विक उत्पादन का करीब 18-20 प्रतिशत हिस्सा है। इनमें से करीब 15 मिलियन अमेरिका निर्यात किए गए, 13 मिलियन अन्य देशों में और 12 मिलियन भारत में ही बेचे गए।
जनवरी 2025 में Apple ने भारत में लगातार 11वीं तिमाही में राजस्व का नया रिकॉर्ड बनाया। 2024 में कंपनी की iPhone बिक्री भारत में 10 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई। अमेरिका, चीन और जापान के बाद भारत अब Apple का चौथा सबसे बड़ा बाजार बन गया है।
बीते महीने की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-चीन के बीच व्यापार तनाव और उच्च टैरिफ के कारण Apple ने रणनीतिक बदलाव करते हुए चीन की बजाय भारत से अमेरिका के लिए iPhone उत्पादन को पूरी तरह स्थानांतरित करने का फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications