Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Trump Speech: 'हमने 8 युद्ध किए खत्म’, टैरिफ समेत ट्रंप ने 100 मिनट में बोले 13 झूठ, एक्सपोज हुए US प्रेसिडेंट

Trump Speech: Donald Trump ने अपने दूसरे कार्यकाल का पहला और अब तक का सबसे लंबा 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन दिया। उन्होंने अर्थव्यवस्था, इमिग्रेशन, क्राइम, एनर्जी और विदेश नीति पर अपनी उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही डेमोक्रेट्स और पिछली सरकार की आलोचना भी की। लेकिन उनके कई दावों पर सवाल उठे हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं-कौन-सा दावा सही है, कौन-सा भ्रामक, किसमें आधा सच छिपा है और कौन सा पूरी तरह गलत निकला।

दावा- 24 लाख लोग फूड स्टैंप से बाहर हुए?

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने 24 लाख अमेरिकियों को SNAP (Food Nutrition Assistance Program) के जरिए भुखमरी जैसी समस्या बाहर निकाला। अमेरिका में करीब 4.2 करोड़ लोग SNAP यानी सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम पर निर्भर हैं। एक न्यूट्रल थिंक टैंक के मुताबिक, नए कार्य नियमों के कारण लगभग 24 लाख लोग अपात्र हो सकते हैं।

Trump Speech

हकीकत- नए नियमों के तहत 55 से 64 साल के वयस्कों और जिनके सबसे छोटे बच्चे की उम्र 14 साल या उससे ज्यादा है, ऐसे माता-पिता को हर महीने 80 घंटे काम, पढ़ाई या वॉलंटियरिंग का सबूत देना होगा। नहीं तो तीन साल में सिर्फ तीन महीने के लिए ही लाभ मिलेगा। दिग्गजों (veterans) और बेघर लोगों के लिए छूट भी खत्म कर दी गई है। सभी राज्यों में ये नियम अभी पूरी तरह लागू नहीं हुए हैं। इसलिए दावा संदर्भ के साथ ही समझा जाना चाहिए।

दावा- 'वॉरियर डिविडेंड' क्या टैरिफ से आया?

ट्रंप ने कहा कि हर सैनिक को मिले $1,776 'वॉरियर डिविडेंड' टैरिफ से आए पैसे से दिए गए।

हकीकत- असल में रक्षा विभाग ने साफ किया कि यह पैसा कांग्रेस द्वारा पारित एक पूरक आवास फंड से आया था, जो पिछले साल एक बड़े खर्च बिल के तहत मंजूर हुआ था। जिससे, करीब 12.8 लाख सक्रिय सैनिकों और 1.74 लाख रिजर्व सदस्यों को यह भुगतान मिला। यह उनके हाउसिंग अलाउंस के लिए टैक्स-फ्री पूरक था। दावा पूरी तरह गलत।

दावा- वॉशिंगटन डी.सी. में 'लगभग कोई अपराध नहीं'

ट्रंप ने दावा किया कि राजधानी वॉशिंगटन में अपराध लगभग खत्म हो गया है। डेटा के मुताबिक 2026 में ज्यादातर अपराध कैटेगरी में गिरावट आई है, लेकिन 'लगभग कोई अपराध नहीं' कहना सही नहीं है।

हकीकत- 1 जनवरी से अब तक 9 हत्याएं, 126 घातक हथियार से हमले और 322 वाहन चोरी दर्ज हुई हैं। हत्याओं में साल-दर-साल 67% की कमी आई है। यानी गिरावट तो है, पर अपराध खत्म नहीं हुआ। लिहाजा, दावा पूरी तरह सही नहीं है।

दावा- दवा की कीमतें कम हुईं

ट्रंप ने कहा कि पहले के राष्ट्रपति दवाओं की कीमतें कम नहीं कर पाए। लेकिन 2022 में Joe Biden ने Inflation Reduction Act पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत मेडिकेयर मरीजों के लिए इंसुलिन $35 प्रति माह सीमित हुआ और जेब से होने वाला सालाना खर्च $2,000 तक सीमित किया गया।

हकीकत- कुछ महंगी दवाओं की कीमतों पर पहली बार सरकार को बातचीत की इजाजत मिली। ट्रंप ने 'TrumpRx' प्लेटफॉर्म लॉन्च किया, लेकिन ज्यादातर सौदे निजी बीमा या मेडिकेयर वाले लोगों के भुगतान को नहीं बदलते। इसलिए उनका दावा पूरी तरह सही नहीं है।

दावा- महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर थी

ट्रंप ने कहा कि बाइडेन ने इतिहास की सबसे खराब महंगाई दी। जब ट्रंप ने पद संभाला, तब महंगाई 2.9% थी-जो रिकॉर्ड नहीं है। 2022 में यह 8.9% तक पहुंची थी। 1980 के दशक में तो लगभग 14% तक गई थी।

हकीकत- तीन महीने के आंकड़े से महंगाई नहीं मापी जाती। सालाना आधार पर तस्वीर अलग होती है। इसलिए रिकॉर्ड वाला दावा गलत है।

दावा- सबसे ज्यादा अमेरिकी काम कर रहे

ट्रंप का यह दावा सही है कि अभी अमेरिका के इतिहास में सबसे ज्यादा लोग काम कर रहे हैं।
लेकिन नौकरी वृद्धि की रफ्तार धीमी हुई है।

हकीकत- 2025 में सिर्फ 5.84 लाख नौकरियां जुड़ीं, जबकि 2022 में 45 लाख से ज्यादा जुड़ी थीं। 2023 और 2024 में 20 लाख से ज्यादा नौकरियां बनी थीं। यानी कुल रोजगार ज्यादा है, पर ग्रोथ धीमी है। यह दावा भी भ्रामक है।

दावा- $18 ट्रिलियन का इन्वेस्टमेंट

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने $18 ट्रिलियन का निवेश सुरक्षित किया। व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर $9.7 ट्रिलियन का आंकड़ा है। एक विश्लेषण के मुताबिक इसमें से $2.5 ट्रिलियन असल निवेश ही नहीं है। करीब $3.5 ट्रिलियन अस्पष्ट सरकारी प्रपोजल्स हैं और $3.5 ट्रिलियन कॉर्पोरेट निवेश है, जिसमें से $2.9 ट्रिलियन डेटा सेंटर्स के लिए है।

हकीकत- ट्रंप ने ये बात बढ़ा-चढ़ाकर कर कही है, लेकिन डेटा में यह काफी कम दिखता है।

दावा- हत्या दर 125 साल में सबसे कम

एक स्वतंत्र समूह के अनुसार 2025 में हत्या दर में 21% गिरावट आई। संभावना है कि प्रति 100,000 आबादी पर दर लगभग 4 तक गिर जाए-जो 1900 के बाद सबसे कम होगी।

हकीकत- यह गिरावट अचानक ट्रंप के आने के बाद शुरू नहीं हुई। कोविड-19 के बाद से अपराध में उतार-चढ़ाव रहा है। इसलिए श्रेय पर बहस जारी है। डेमोक्रेट्स भी इसको लेकर अपनी पीठ थपथपा चुके हैं।

दावा- 70,000 नई नौकरियां

ट्रंप ने 70,000 निर्माण नौकरियों का दावा किया। लेबर स्टेटिक्स ब्यूरो के मुताबिक जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच 44,000 नौकरियां जुड़ीं।

हकीकत- दावा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।

दावा- बाइडेन ने 'लाखों अपराधी' आने दिए

ट्रंप ने कहा कि लाखों लोग जेलों और मानसिक संस्थानों से आए। करीब 1 करोड़ लोगों ने बाइडेन कार्यकाल में अवैध रूप से प्रवेश किया, लेकिन 'लाखों अपराधी' का कोई सबूत नहीं है।

हकीकत- 13,000 से अधिक दोषी हत्यारे ICE हिरासत में नहीं हैं, लेकिन यह साफ नहीं कि वे कब आए थे। वे पिछले 40 सालों में कभी भी आ सकते थे। इसलिए दावा भी सबूत मांगता है।

दावा- अंडे और बीफ की कीमतें गिरीं

हकीकत- डेटा के मुताबिक जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक अंडों की कीमत लगभग 48% गिरी, 60% नहीं। बीफ की कीमत $6.75 प्रति पाउंड के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची- जो एक साल पहले से 22% ज्यादा है। इसलिए दावा आधा सही है और आधा गलत।

दावा- 8 युद्ध खत्म किए

ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने 8 युद्ध खत्म किए। उन्होंने इज़रायल-हमास, इज़रायल-ईरान, भारत-पाकिस्तान, सर्बिया-कोसोवो जैसे कई संघर्षों में भूमिका का दावा किया।

हकीकत- कुछ जगहों पर लड़ाई फिर शुरू हुई। भारत सरकार ने भी कहा कि युद्धविराम सीधी बातचीत से हुआ। इसलिए '8 युद्ध खत्म' कहना अतिश्योक्ति है।

दावा- चुनावों में व्यापक धोखाधड़ी

ट्रंप ने कहा कि चुनावों में व्यापक धोखाधड़ी है। इसका कोई सबूत नहीं है। 2020 चुनाव में बाइडेन को 306 इलेक्टोरल वोट मिले थे, ट्रंप को 232. पॉपुलर वोट में भी बाइडेन 70 लाख से ज्यादा वोट से आगे थे। अदालतों और ऑडिट में भी कहीं भी व्यापक धोखाधड़ी साबित नहीं हुई। 2024 में ट्रंप ने 312 इलेक्टोरल वोट जीते, लेकिन लोकप्रिय वोट अंतर करीब था-49.8% बनाम 48.32%।

हकीकत- यह दावा भी भ्रामक है।

कुल मिलाकर ट्रंप ने अपनी स्पीच में आधे से ज्यादा दावों पर या तो गलत बोला या फिर उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। अब इसी को लेकर ट्रंप की लानत-मलानत हो रही है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+