कुदरत के साथ किया खिलवाड़, अब भुगत रहे अंजाम, तीन देशों को मिल रही प्रकृति से भयानक सजा
प्रकृति से खिलवाड़ कई देशों को भारी पड़ रहा है। चीन, अमेरिका और जापान इस वक्त प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है।
नई दिल्ली, जुलाई 27: कुदरत से खिलवाड़ करने का अंजाम बेहद खतरनाक हो सकता है, इस बात को सरकारें सोचती नहीं है और लगातार प्रकृति को नुकसान पहुंचाया जाता है। लेकिन, अब प्रकृति ने भी इंसानों से बदला लेना शुरू कर दिया, वो भी खौफनाक तरीके से। एक तरफ कोरोना महामारी से पूरी दुनिया परेशान है तो दूसरी तरह प्राकृतिक आपदाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। प्रकृति को सबसे ज्यादा विध्वंस करने वाले दुनिया के तीन देश इन दिनों सजा भुगत रहे हैं।

बाढ़, बारिश और तूफान का कहर
दुनिया के कई देशों में इस वक्त बाढ़, बारिश और तूफान ने कहर बरपा रखा है। अमेरिका में रेतीले तूफान से सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि चीन के पूर्वी झेजियांग प्रांत में तूफान 'इन-फा' ने दस्तक दे दी है, जिससे भयानक तबाही मचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, प्रशांत महासागर से उत्तर की ओर बढ़ते हुए तूफान नेपार्टक को लेकर आशंका जताई गई है कि ये तूफान मंगलवार को टोक्यो समेत जापान के मुख्य द्वीप पर पहुंच सकती है, जिससे जापान की स्थिति काफी खराब हो सकती है। जापान में यह तूफान ऐसे समय में दस्तक देने जा रहा है जब वहां ओलंपिक खेल चल रहे हैं। इतना ही नहीं भारत में भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, और कई जगहों पर बाढ़ की भीषण तस्वीरें सामने आ रही हैं।

रेतीले तूफान से अमेरिका में कहर
समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के यूटा में रेतीले तूफान की वजह से 20 गाड़ियों में जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। ये हादसे इंटरस्टेट 15 को कनोश के पास हुए हैं, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक रेतीले तूफान के कारण विजिवलिटी का स्तर काफी कम हो गया था, जिसकी वजह से गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई।
चीन में तूफान से तबाही की आशंका
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के तटीय प्रांत झेजियांग में 'इन-फा' तूफान ने दस्तक दे दी है। जिसके बाद अधिकारियों ने आपदा राहत के लिए चौथे स्तर की आपातकालीन काम शुरू कर दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि, तूफान 'इन-फा' के कारण शंघाई में यातायात ठप हो गया। तूफान के कारण तटीय क्षेत्रों से 3 लाख 60 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। तूफान रविवार दोपहर झेजियांग प्रांत के तट पर पहुंचा है, जिसकी रफ्तार 6.2 मील प्रति घंटे की थी और ये तूफान उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ रहा था।

संकट में फंसा जापान
वहीं, प्रशांत महासागर से उत्तर की ओर बढ़ रहे तूफान नेपार्टक के मंगलवार को जापान की राजधानी टोक्यो समेत जापान के मुख्य द्वीप से टकराने की संभावना है। इस तूफान के पश्चिम की ओर बढ़ने और जापान के पूर्वी और उत्तरपूर्वी हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, तूफान की वजह से ओलंपिक गेम्स पर असर पड़ सकता है और कई मैचों के रद्द होने की संभावना जताई जा रही है। जापान की मौसम एजेंसी ने भारी बारिश, हवा और ऊंची लहरों की चेतावनी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में करीब 100 मिमी तक बारिश होने की संभावना है और सरकार लगातार राहत और बचाव कार्य के लिए सतर्कता बरत रही है।












Click it and Unblock the Notifications