क्राइस्टचर्च हमला: हिजाब पहने पीएम जेसिंडा ने लोगों से कहा यह वह न्यूजीलैंड नहीं
क्राइस्टचर्च। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में हुए आतंकी हमले के बाद पीड़ितों का दर्द बांटने के लिए प्रधानंत्री जेसिंडा आरड्रेन पहुंची। जेसिंडा ने यहां पर पीड़ितो को गले लगाया और उन्हें सांत्वना दी। पीएम आरड्रेन ने यहां पर लोगों से कहा कि जो कुछ भी हुआ है, वह न्यूजीलैंड को परिभाषित नहीं कर सकता है क्योंकि यह वह न्यूजीलैंड है ही नहीं। शुक्रवार को न्यूजीलैंड की अल नूर और हेगले पार्क स्थित दो मस्जिदों पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस फायरिंग को 28 वर्ष ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति ब्रेनटॉन हैरीसन टारैंट ने अंजाम दिया। हमले को आतंकी हमला करार दिया गया जिसमें सात भारतीयों समेत 50 लोगों की मौत हो गई है।

40 मिनट तक दिया भाषण
न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा जब पीड़ितों को सांत्वना दे रही थीं तो उन्होंने हिजाब पहना था। उनकी यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। शनिवार को पीएम ने हिजाब पहनकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों का हौसला और हिम्मत बढ़ाया। पीएम आरड्रेन ने हिजाब पहनकर मुस्लिम समुदाय के साथ एकजुटता दर्शाई। उन्होंने कहा यह वह न्यूजीलैंड नहीं है, जिसे लोग जानते हैं। उन्होंने क्राइस्टचर्च कैंटरबरी रिफ्यूजी सेंटर में अपने 40 मिनट के संबोधन के दौरान ये बातें कही। जेसिंडा ने मुस्लिम नेताओं से कहा, 'आपने जो देखा वो न्यूजीलैंड नहीं है। हम ऐसे नहीं है और हमारे देश में नफरत और आतंकवाद की कोई जगह नहीं है। जेसिंडा ने ऐलान किया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा भी दिया जाएगा। जेसिंडा आरड्रेन ने इस बात का भरोसा भी दिलाया है कि उनके देश में जल्द ही गन लॉ में बदलाव होगा। पीएम जेसिंडा ने इन हमलों को देश के इतिहास का सबसे काला दिन करार दिया है।












Click it and Unblock the Notifications