तालिबान ने पांच प्रांतों की राजधानियों पर जमाया कब्जा, खतरे में काबुल, जानिए आजतक का पूरा अपटेड
तालिबान ने अफगानिस्तान के पांच प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा कर लिया है। जानिए आज की अफगानिस्तान की स्थिति।
काबुल, अगस्त 09: अफगानिस्तान में तालिबान लगातार मजबूत हो रहा है और अब तालिबान ने अफगानिस्तान के अलग अलग प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। रविवार को तालिबान ने एक साथ तीन प्रांतों की राजधानी पर कब्जा जमा लिया है और अब देश की राजधानी काबुल पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। जिसे देखते हुए रविवार को अमेरिक ने एफ-16एस फाइटर जेट को काबुल में भेजा था। वहीं, अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने अफगानिस्तान के ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में नियंत्रण स्थापित कर लिया है और अब शहरी इलाकों को कब्जे में ले रहे हैं।
Recommended Video

पांच प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान ने रविवार को भीषण संघर्ष के बात तीन और प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा जमा लिया है। अफगानिस्तान के उत्तर में स्थिति कुंदुज, सर-ए-पोल और तालोकान को तालिबान ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिसकी पुष्टि तालिबान ने की है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुंदुज पर कब्जा होने के कुछ ही घंटे बाद सर-ए-पोल और तालोकान पर भी तालिबान ने कब्जा कर लिया। तालिबान ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसने पुलिस मुख्यालय, राज्यपाल के परिसर और रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण पूर्वोत्तर शहर कुंदुज में कब्जा कर लिया है और वहां के जेलों से तमाम अपराधियों को रिहा कर दिया गया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक ग्राउंड पर मौजूद स्थानीय सूत्रों और पत्रकारों ने तालिबान के दावों की पुष्टि की है और कहा है कि तालिबान के लड़ाके पूरी राजधानी में फैले हुए हैं।

अभी भी चल रहा है भीषण संघर्ष
रिपोर्ट के मुताबिक रविवार दोपहर शुरू हुई भारी झड़प अभी भी जारी है। कुंदुज प्रांतीय विधानसभा के सदस्य अमरुद्दीन वाली ने कहा कि, सभी सरकारी मुख्यालय तालिबान के नियंत्रण में हैं, केवल सेना का अड्डा और हवाई अड्डा ही अफगानिस्तान सुरक्षा बलों के पास बचा हुआ है, जहां से वो तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन चला रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि तालिबान के हमले में 14 महिलाएं और बच्चे मारे गये हैं, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल लाया गया है। अलजजीरा के एक सवाल पर एक स्थानीय डॉक्टर ने कहा कि ''हमें नहीं पता बाहर क्या हो रहा है, हमारा ध्यान सिर्फ और सिर्फ मरीजों के ऊपर है''।

किसी तरह बचाए गये अधिकारी
तालिबान ने रविवार को एक बयान में कहा है कि उसके लड़ाकों ने उत्तरी प्रांत सर-ए-पोल के मुख्य शहर सर-ए-पोल शहर पर भी कब्जा कर लिया है। वहीं, सर-ए-पोल प्रांत के एक प्रांतीय परिषद सदस्य मोहम्मद नूर रहमानी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि, तालिबान ने उत्तरी प्रांतीय राजधानी में सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया है और तमाम सरकारी अधिकारियों की जान किसी तरह से बचाकर सैन्य अड्डे तक ले जाया गया है। वहीं, सर-ए-पोल में एक महिला अधिकार कार्यकर्ता परवीना अज़ीमी ने समाचार एजेंसी एएफपी को फोन पर बताया कि, सरकारी अधिकारी और शेष बल शहर से लगभग 3 किमी दूर एक सेना बैरक में सुरक्षित ले जाया गया है।

सेना ने खाली किया शहर
प्रांत सर-ए-पोल के प्रांतीय परिषद के एक सदस्य मोहम्मद हुसैन मुजाहिदजादा ने एएफपी को बताया कि तालिबान ने सरकारी परिसरों को घेर रखा है। वहीं, रविवार शाम को तालिबान ने ट्विटर पर कहा कि, उसने तखर प्रांत की राजधानी तालोकान को अपने कब्जे में ले लिया है। तालोकान निवासी जबीहुल्लाह हमीदी ने एएफपी को बताया कि उन्होंने सुरक्षा बलों और अधिकारियों के वाहनों के काफिले को शहर से बाहर निकलते देखा है। वहीं, एक सुरक्षा सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि, "सरकार द्वारा मदद भेजने में नाकामयाब रहने के बाद हम आज दोपहर शहर से पीछे हट गए हैं।" उन्होंने कहा कि "दुर्भाग्य से अभ ये शहर पूरी तरह से तालिबान के हाथों में है।"

तालिबान को खदेड़ने की कोशिश
रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माने जाने वाले कूंदूज शहर हमेशा से तालिबान के निशान पर रहा है और इससे पहले 2015 और 2016 में भी तालिबान ने यहां पर कब्जा कर लिया था। शनिवार को तालिबान ने जावजान की राजधानी शेबरघन पर कब्जा कर लिया था। शहर के डिप्टी गवर्नर ने कहा था कि एक दिन बाद ही निम्रूज प्रांत की राजधानी जरंज, "बिना किसी लड़ाई के" तालिबान के हाथ में चला गया। इस बीच कूंदूज में लोगों ने तालिबान के आने से पहले पलायन की भी कोशिश की है। वहीं, एक स्थानीय निवासी ने अल जज़ीरा को बताया कि वो अपने घरों से बाहर जाने से डरते हैं। स्थानीय निवासी ने कहा कि ''हालांकि अब लड़ाई शांत हो गई है, लेकिन अब हर तरफ तालिबान के लोग दिखते हैं। अब हमारी आजादी खत्म हो गई है और अफगान सिक्योरिटी फोर्स कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।'' वहीं, अफगानिस्तान सरकार ने कहा है कि हम वापस से राजधानियों को कोशिश कर रहे हैं। अफगान सरकार ने कहा है कि कमांडो फोर्स ने अपना अभियान शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications