अफगानिस्तान के कंधार में आर्मी कैंप पर आतंकी हमला, 43 जवानों की मौत, भारत की कड़ी प्रतिक्रिया
कंधार। अफगानिस्तान के कंधार में तालिबान के आतंकियों ने आर्मी कैंप पर हमला किया है, जिसमें अब तक 43 जवानों के मरने की पुष्टी की गई है। आतंकियों ने मयवांड स्थित अफगान नेशनल आर्मी बेस के भीतर बम विस्फोट किया और गोलीबारी की। सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में तालिबान के 9 आतंकी भी मारे गए हैं। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।

टोलो न्यूज के मुताबिक, गाड़ियों पर सवार दो आत्मघाती हमलावरों ने हमला किया। सांसद खालिद पश्तून ने कहा कि 43 जवानों की मौत हुई है। आतंकियों ने बम विस्फोट से पहले सुरक्षाबलों पर गोलीबारी भी की।
अफगानिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ने हमले में मरने वालों की संख्या के बारे में अभी खुलासा नहीं किया है। हालांकि, अफगानिस्तान के टोलो न्यूज के मुताबिक इस हमले में 43 की मौत के साथ 60 जवान जख्मी भी हुए है।
पिछले कई दिनों से अफगानिस्तान में आतंकी हमलों की संख्या लगातार बढ़ी है। 17 अक्टूबर को ही अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत पक्तिया में स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के पास हुए दो आत्मघाती हमलों और गोलीबारी में प्रांतीय पुलिस प्रमुख समेत कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
भारत ने अफगानिस्तान के कंधार में आर्मी कैंप पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सुरक्षित जगहों पर लगातार इन जिहादी तत्वों को पनाह मिल रही है। भारत ने पाकिस्तान की तरफ इशारा करते हुए कहा है कि आतंकवाद की मेजबानी करने वाले और उनके ठिकानों को तुरंत खत्म करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications