World News Hindi: नए साल पर इस देश में बदल जाएगी करेंसी, नोटों पर राष्ट्रपिता की जगह छपेंगे गुलाब-संतरे
Syria new currency: सीरिया में वर्षों तक चले गृहयुद्ध और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद अब देश एक नए दौर में प्रवेश करता दिख रहा है पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के तख्तापलट के बाद राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की सरकार लगातार बदलाव के संकेत दे रही है। इसी कड़ी में नए साल पर सीरिया ने नई करेंसी जारी की है, जिसमें असद और उनके परिवार की तस्वीरें हटा दी गई हैं।
नए नोटों पर अब गुलाब, संतरा, गेहूं और कपास जैसी कृषि उपज की तस्वीरें हैं। यह बदलाव सिर्फ नोटों का नहीं, बल्कि देश की नई सोच, नई पहचान और पुनर्निर्माण की दिशा का प्रतीक माना जा रहा है।

क्यों बदली गई सीरिया की करेंसी?
सीरिया में लंबे समय तक चले गृहयुद्ध ने अर्थव्यवस्था को बुरी तरह कमजोर कर दिया। महंगाई बढ़ी, मुद्रा की कीमत गिरी और लोगों का भरोसा राष्ट्रीय करेंसी से उठने लगा। ऐसे में नई सरकार ने करेंसी बदलने का फैसला लिया. इसका मकसद अर्थव्यवस्था को संभालना, लेन-देन को आसान बनाना और आम लोगों का भरोसा वापस जीतना है. साथ ही, यह कदम पुराने संघर्ष और अस्थिरता के दौर से बाहर निकलने का संदेश भी देता है।
नोटों से हटे शासक, आई नई पहचान
नई करेंसी में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब किसी शासक की तस्वीर नहीं है। पहले नोटों पर बशर अल-असद और उनके परिवार की फोटो होती थी। अब उनकी जगह गुलाब, संतरा, जैतून, गेहूं और कपास जैसी कृषि फसलों की तस्वीरें हैं। सरकार का कहना है कि यह बदलाव व्यक्तियों की पूजा से हटकर देश, संस्कृति और मेहनतकश जनता को केंद्र में लाने का प्रतीक है। यह सीरिया की नई राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें: World News Hindi: धर्म का किया प्रचार तो 8 महिलाओं को 90 साल की जेल, खौफनाक फैसले से पूरी दुनिया सन्न
दो शून्य हटाने का क्या मतलब है?
सीरियाई पाउंड की कीमत इतनी गिर चुकी है कि छोटी चीज़ें खरीदने के लिए भी हजारों-लाखों पाउंड देने पड़ते थे. इसी परेशानी को कम करने के लिए नोटों से दो शून्य हटाए जा रहे हैं, जिसे रीडिनॉमिनेशन कहा जाता है। इससे चीज़ों की असली कीमत नहीं बदलती, बल्कि सिर्फ गिनती आसान हो जाती है। जैसे 10,000 पाउंड की चीज अब 100 पाउंड में मिलेगी, लेकिन खरीदने की ताकत वही रहेगी।
ये भी पढे़ं: World News Hindi: खाना खाकर सो रहे थे बुजुर्ग, तभी काल बनकर आई आग, 16 की दर्दनाक मौत से कांपा पूरा देश
गिरती पाउंड और आगे की चुनौती
2011 में गृहयुद्ध शुरू होने से पहले एक डॉलर करीब 50 सीरियाई पाउंड का था, जो अब 11,000 के आसपास पहुंच गया है। इसी वजह से लोग डॉलर पर ज्यादा भरोसा करने लगे थे। नई करेंसी और रीडिनॉमिनेशन से सरकार को उम्मीद है कि राष्ट्रीय मुद्रा मजबूत होगी। हालांकि, नोट कहां छपेंगे, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। सरकार का कहना है कि लक्ष्य एक स्थिर अर्थव्यवस्था और मजबूत सीरियाई पाउंड है।












Click it and Unblock the Notifications