Sydney Attack: पाकिस्तानी मूल के बाप-बेटे ने मासूमों को मारा! जानिए आतंकी साजिद और नवीद अकरम के बारे में सबकुछ
Sydney Attack: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में मशहूर बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भीषण गोलीबारी हुई। इस हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। यह हमला ऑस्ट्रेलिया में लगभग 30 साल बाद हुई सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी माना जा रहा है।
हमलावर पिता-पुत्र, एक की मौत
पुलिस के मुताबिक, हमले को अंजाम देने वाले दो लोग पिता और बेटा थे। जिसमें 50 साल के साजिद अकरम को पुलिस ने मौके पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, उसका 24 साल का बेटा नवीद अकरम घायल अवस्था में पकड़ा गया और अस्पताल में भर्ती है।

पाकिस्तानी मूल के थे दोनों!
अमेरिकी मीडिया CBS News ने अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के हवाले से बताया कि दोनों हमलावर संभावित रूप से पाकिस्तानी मूल के बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर साजिद अकरम के न्यू साउथ वेल्स ड्राइविंग लाइसेंस की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह हरी शर्ट पहने दिख रहा है, जो पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जर्सी जैसी लग रही है।
पिता 1998 में ऑस्ट्रेलिया आया था
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने बताया कि बेटा नवीद अकरम ऑस्ट्रेलिया में जन्मा नागरिक है। जबकि पिता साजिद अकरम 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था। बाद में उसका वीजा पार्टनर वीजा और फिर रेजिडेंट रिटर्न वीजा में बदल गया।
'हनुका बाय द सी' कार्यक्रम बना निशाना
यह हमला उस समय हुआ जब गर्मी के दिन के अंत में हजारों लोग बॉन्डी बीच पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 1,000 लोग यहूदी त्योहार हनुका की शुरुआत के लिए आयोजित कार्यक्रम 'हनुका बाय द सी' में शामिल हुए थे। यह आठ दिन तक चलने वाला त्योहार होता है।
10 मिनट तक चली फायरिंग
चश्मदीदों के मुताबिक, हमला करीब 10 मिनट तक चला। इस दौरान बीच पर मौजूद सैकड़ों लोग डर के मारे रेत, सड़कों और समुद्र की ओर भागने लगे। पुलिस ने बताया कि शाम करीब 6:45 बजे गोलियों की आवाज की सूचना मिली, जिसके बाद आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं। वीडियो में लोग तैराकी के कपड़ों में पानी से बाहर भागते हुए दिखे। दूसरी तरफ, घटनास्थल से सामने आए एक फुटेज में काली शर्ट पहने दो लोग दिखाई दिए। एक फुटब्रिज से बीच की ओर लंबी बंदूकों से निशाना लगाकर फायरिंग करते दिखे।
हथियारों का आधिकारिक खुलासा नहीं
पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से हथियारों की जानकारी नहीं दी है। हालांकि वीडियो में हमलावरों के पास एक बोल्ट-एक्शन राइफल और एक शॉटगन दिखाई दी। इन दो बंदूकों से लोगों को मारा गया।
फल की दुकान का मालिक बना हीरो
एक वीडियो में दिखा कि एक व्यक्ति ने हमलावर से बंदूक छीन ली और उसे जमीन पर लेटा दिया। न्यू साउथ वेल्स के प्रमुख क्रिस मिन्स ने फल दुकान मालिक अहमद अल अहमद को "सच्चा नायक" बताया। उसके लिए शुरू किए गए ऑनलाइन फंडरेज़र में A$200,000 (करीब 1.33 लाख अमेरिकी डॉलर) से ज्यादा जुटाए गए।
हमलावर के घर पर छापा
पुलिस ने बताया कि हमलावरों में से एक पहले से सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी में था। हालांकि किसी हमले की पूर्व सूचना नहीं थी। सोमवार को सिडनी से 36 किलोमीटर पश्चिम स्थित बॉनिरिग इलाके में उनके घर पर छापा मारा गया।
मृतकों की उम्र 10 से 87 साल
मुख्यमंत्री क्रिस मिन्स ने बताया कि मारे गए लोगों की उम्र 10 साल से 87 साल के बीच थी। जबकि 42 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं और इनमें से कई की हालत अभी भी गंभीर है।
रब्बी एली श्लैंगर की भी मौत
यहूदी संगठन चाबाद ने पुष्टि की कि मृतकों में रब्बी एली श्लैंगर भी शामिल थे। वह बॉन्डी के चाबाद में सहायक रब्बी थे और कार्यक्रम के आयोजकों में से एक थे। रब्बी यहूदी धर्म के आध्यात्मिक नेता, धार्मिक शिक्ष और यहूदी कानून हलाखा के विद्वान होते हैं।
30 साल बाद दहला ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया को दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में गिना जाता है। यह हमला 1996 के पोर्ट आर्थर नरसंहार के बाद सबसे घातक था, जिसमें 35 लोग मारे गए थे। उसके तीस साल बाद इस तरह का वाकया हुआ है।
दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, इसके अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत लगभग सभी देशों ने इस हमले की कड़ी निंदा की।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।्












Click it and Unblock the Notifications