Switzerland में नए साल के जश्न के बीच मची चीख-पुकार, Bar में बम ब्लास्ट से कई लोगों की मौत
Switzerland Bomb Blast: पूरी दुनिया जब नए साल 2026 के स्वागत के जश्न में डूबी थी, ठीक उसी वक्त स्विट्जरलैंड के एक मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन में बम ब्लास्ट ने खुशियों को मातम में बदल दिया। स्विट्जरलैंड के पॉश अल्पाइन स्की रिसॉर्ट शहर क्रैंस-मोंटाना के एक बार में जोरदार विस्फोट हुआ है, जिसमें कई लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की खबर है।
स्विस पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार तड़के दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के वालिस कैंटन में हुआ। धमाका 'ले कॉन्स्टेलेशन' नामक बार में उस समय हुआ जब वहां नए साल की पार्टी चल रही थी और लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी।

ज्यादातर हताहत पर्यटक, 100 से अधिक लोग थे मौजूद
पुलिस के अनुसार, इस त्रासदी का शिकार होने वाले ज्यादातर लोग विदेशी पर्यटक बताए जा रहे हैं, जो छुट्टियों के सीजन में क्रैंस-मोंटाना आए थे। धमाके के वक्त बार के भीतर उत्सव का माहौल था और वहां 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। फिलहाल हताहतों की सटीक संख्या और उनकी पहचान को लेकर जांच जारी है, क्योंकि यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है जहां दुनिया भर से लोग पहुंचते हैं।
नो-फ्लाई ज़ोन लागू, राहत कार्य के लिए हेलिकॉप्टर तैनात
धमाके की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और क्रैंस-मोंटाना के ऊपर 'नो-फ्लाई ज़ोन' (उड़ान प्रतिबंधित क्षेत्र) घोषित कर दिया है। राहत और बचाव कार्य के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ-साथ कई हेलिकॉप्टरों को भी लगाया गया है। पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए प्रशासन ने एक विशेष हॉटलाइन नंबर भी जारी किया है।
बम ब्लास्ट के पीछे क्या थी वजह?
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि बार की इमारत में तुरंत आग लग गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। पुलिस स्पोकपर्सन गेटन लैथियन ने बताया कि धमाके की वजह अभी तक 'अज्ञात' है, लेकिन इसकी तीव्रता बहुत अधिक थी।
स्विस न्यूज़ आउटलेट 'ब्लिक' (Blick) की एक रिपोर्ट में यह आशंका जताई गई है कि बार में चल रहे एक कॉन्सर्ट के दौरान हुई आतिशबाजी (Fireworks) की वजह से यह आग लगी होगी। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
विश्व कप की मेजबानी पर मंडराया संकट
क्रैंस-मोंटाना न केवल अपनी खूबसूरती बल्कि खेलों के लिए भी मशहूर है और जनवरी के अंत में यहां FIS वर्ल्ड कप (स्पीड स्कीइंग इवेंट) का आयोजन होना है। इस धमाके और उससे हुए नुकसान के बाद अब इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सुरक्षा और समय पर बहाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह स्थान स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित है और ब्रिटिश पर्यटकों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है।
ब्लास्ट के बाद कई लोग अंदर ही फंस गए
ब्लास्ट के बाद बार में लगी भीषण आग के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए। स्विस पुलिस की रेस्क्यू टीमें और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। मलबे और आग के बीच से लोगों को बाहर निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications