Sudan Civil War: सूडान में भारतीय शख्स को किया किडनैप, पूछा- 'शाहरुख खान को जानते हो?'- Video
Sudan Civil War: ओडिशा के जगतसिंहपुर ज़िले के रहने वाले आदर्श बेहरा को सूडान में रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ (RSF) मिलिशिया (सूडान में एक गुट के लड़ाके) ने कथित तौर पर अगवा कर लिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर भारत और ओडिशा सरकार से मदद की अपील की है। यह घटना ख़ार्तूम से लगभग 1,000 किलोमीटर दूर अल फ़ाशिर शहर में हुई है।
कोटकाना गांव के निवासी हैं आदर्श बेहरा
37 साल के आदर्श बेहरा जगतसिंहपुर ज़िले के कोटकाना गांव के रहने वाले हैं, जो टिरटोल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। वे 2022 से सूडान की सुकराती प्लास्टिक फ़ैक्ट्री में काम कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ़्ते ही उनका अपहरण हुआ।

सूडानी लड़ाकों ने पूछा- 'शाहरुख खान को जानते हो?'
जारी वीडियो में आदर्श दो RSF सैनिकों के बीच बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनमें से एक सैनिक उनसे पूछता है, "क्या आप शाहरुख़ ख़ान को जानते हैं?" इसके बाद आदर्श ने वीडियो में कहा कि उन्हें अल फ़ाशिर में बंदी बनाकर रखा गया है, जहां हालात बहुत ख़राब हैं। उन्होंने कहा, "मेरा परिवार बहुत चिंतित है। मैं राज्य और केंद्र सरकार से विनती करता हूं कि मुझे बचाया जाए।"
स्थानीय प्रशासन ने दी पुष्टि, सरकार को भेजी रिपोर्ट
जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अंकित कुमार वर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "हमारे ज़िले के व्यक्ति के सूडान में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद हमने राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक को कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।"
अल फ़ाशिर पर RSF का कब्ज़ा, बढ़ी हिंसा और विस्थापन
RSF ने हाल ही में अल फ़ाशिर पर कब्ज़ा कर लिया है, जिससे क्षेत्र में नई हिंसा और भारी पैमाने पर विस्थापन हुआ है। ग़ौरतलब है कि RSF का गठन 2013 में दारफ़ूर युद्ध के दौरान जनजेवीड मिलिशिया से हुआ था। 2023 में इसने सूडानी सेना के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ दिया, जिससे देश में गृहयुद्ध शुरू हो गया।
भारत और सूडान सरकारें कर रहीं बात
सूडान के अधिकारियों ने बताया है कि वे भारत के विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर आदर्श बेहरा की रिहाई सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं। सूडान के भारत में राजदूत मोहम्मद अब्दुल्ला अली एलतोम ने नई दिल्ली में कहा कि "दोनों देश बेहरा की सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय कर रहे हैं।"
परिवार में पसरा डर और अनिश्चितता का माहौल
कोटकाना गांव में आदर्श का परिवार बेहद परेशान है। उनकी पत्नी सुमित्रा बेहरा, पिता क्षेत्रबासी बेहरा (69) और मां आरती बेहरा (65) लगातार उनके लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। क्षेत्रबासी ने कहा, "अपने इकलौते बेटे के अपहरण की ख़बर सुनकर हम टूट गए हैं। वह अशांति के बावजूद नौकरी के लिए सूडान में रहा।"
मां और पत्नी ने सरकार से की भावनात्मक अपील
आदर्श की मां आरती की आंखों से आंसू बहते हुए उन्होंने कहा, "हम अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग करते हैं। हम बहुत डरे हुए हैं।" पत्नी सुमित्रा ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सरकार और दूतावास पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम भरोसा बनाए हुए हैं।" दंपति के दो बेटे हैं जो अपने पिता की खबर का इंतज़ार कर रहे हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट मेें बताएं












Click it and Unblock the Notifications