बांग्लादेश में हिंसा के लिए ISI जिम्मेदार, शेख हसीना के बेटे ने सबूत के साथ बताई वजह, बोले- मां वापस लौटेंगी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे साजीब वाजेद जॉय ने अब खुलकर पाकिस्तान के खिलाफ बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान पर बांग्लादेश में अशांति भड़काने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने ऐसे सबूतों की ओर इशारा किया है जो दर्शाते हैं कि इस अशांति में पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) का हाथ है।
जॉय ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मुझे पूरा यकीन है कि इसमें पाकिस्तान की आईएसआई शामिल है। बांग्लादेश में जिस तरह से हमले हुए और विरोध प्रदर्शन हुए, वह बहुत ही को-ऑर्डिनेटेड थे।

पूरी तरह से योजनाबद्ध हमला-प्रदर्शन
यह पूरी तरह से योजनाबद्ध थे और सोशल मीडिया के माध्यम से स्थिति को भड़काने के लिए जानबूझकर प्रयास किए गए थे। सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के हर संभव कदम उठाए, लेकिन ये लोग उसे विफल करने की कोशिश में लगे रहे और हालात को और बिगाड़ते रहे।
दंगाइयों को हथियार दिए गए
जॉय ने आरोप लगाया है कि दंगाइयों ने पुलिस पर बंदूक से हमला किया, ये वो हथियार थे जो सिर्फ आतंकी संगठन या फिर विदेशी ताकत ही मुहैया करा सकती है। उन्होंने खुलकर कहा कि इसके पीछे आईएसआई का हाथ है।
बांग्लादेश वापस आएंगी शेख हसीना
जॉय ने कहा कि लोकतंत्र बहाल होने के बाद शेख हसीना बांग्लादेश वापस आएंगी। हालांकि यह तय नहीं है कि वह सक्रिय राजनीतिज्ञ के रूप में वापस आएंगी या सेवानिवृत्त होंगी। जॉय ने कहा कि इन घटनाओं के बाद भी हम अपने लोगों और अपनी पार्टी के लोगों का साथ नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अवामी लीग बांग्लादेश की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है, इसलिए हम अपने लोगों से दूर नहीं जा सकते। लोकतंत्र बहाल होने पर मेरी मां शेख हसीना निश्चित रूप से बांग्लादेश लौट आएंगी।
दो दिन में काफी कुछ बदल गया
दरअसल इससे पहले जॉय ने कहा था कि उनकी मां अब बांग्लादेश नहीं लौटेंगी। लेकिन अपने बयान पर जॉय ने कहा कि हां, यह सच है कि मैंने कहा था कि वह बांग्लादेश वापस नहीं आएंगी।
लेकिन देश भर में हमारे नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं पर लगातार हमलों के बाद पिछले दो दिनों में बहुत कुछ बदल गया है। अब हम अपने लोगों को सुरक्षित रखने के लिए जो भी संभव होगा करेंगे। हम उन्हें अकेला नहीं छोड़ेंगे।
पीएम मोदी का शुक्रिया
वहीं जॉय ने अपनी मां को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत से बांग्लादेश में लोकतंत्र बहाल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय राय बनाने और दबाव बनाने में मदद करने का आग्रह किया।
जॉय ने अवामी लीग को "भारत का सदाबहार सहयोगी" बताया और अंतरराष्ट्रीय दबाव के माध्यम से इसके नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मोहम्मद यूनूस से अपील
जॉय ने नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनूस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार से कानून और व्यवस्था बहाल करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्थिरता बहाल नहीं की गई तो बांग्लादेश में भी अफ़गानिस्तान जैसी अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications