टिकटॉक पर छात्र ने दिया स्कूल को उड़ाने का चैलेंज, धमकी के बाद अमेरिका में सैकड़ों स्कूल बंद
टिकटॉक पर गुमनाम रूप से धमकी भरा पोस्ट किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि वीडियो को अमेरिकी राज्य एरिजोना में बनाया गया है।
वॉशिंगटन, दिसंबर 17: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर धमाके का चैलेंज मिलने के बाद पूरे अमेरिका में स्कूलों को अलर्ट पर रखा गया है, वहीं कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है। टिकटॉक पर स्कूल मे गोलीबारी और धमाका करने का चैलेंज आज यानि 17 दिसंबर को दिया गया है, जिसके बाद कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है। धमकी का ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसकी वजह से बच्चों के पैरेंट्स और स्कूल संचालक टेंशन में हैं।

स्कूल को उड़ाने की धमकी
टिकटॉक पर वायरल किए गये इस धमकी भरे वीडियो से एक तरफ जहां स्कूल संचालक, छात्र और पैरेंट्स टेंशन में हैं, वहीं, अधिकारियों ने वीडियो को फर्जी करार दिया है। बावजूद इसके कई स्कूल बंद हैं और बच्चों से फिलहाल स्कूल नहीं आने के लिए कहा गया है। वहीं, पैरेंट्स भी परेशान हैं, लिहाजा एरिजोना, कनेक्टिकट, इलिनोइस, मोंटाना, न्यूयॉर्क और पेंसिल्वेनिया जैसे राज्यों में स्कूल परिसरों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ा दी गई है। वहीं, दर्जनों स्कूलों ने धमकी से डरकर छात्रों को घर पर ही रहने को कहा है और सुरक्षा मिलने के बाद भी स्कूल खोलने की बात कही है।
टिकटॉक पर धमकी भरा पोस्ट
टिकटॉक पर गुमनाम रूप से धमकी भरा पोस्ट किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि वीडियो को अमेरिकी राज्य एरिजोना में बनाया गया है और वहीं से वायरल किया गया है। पुलिस अधिकारी माता-पिता को यह कहकर आश्वस्त करने की कोशिश कर रहे हैं कि वायरल पोस्ट को विश्वसनीय नहीं माना जाता है। बाल्टीमोर काउंटी पब्लिक स्कूल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कहा कि, "सुरक्षा एजेंसियों ने इस खतरे की जांच की है और यह निर्धारित किया है कि यह एरिजोना में उत्पन्न हुआ और विश्वसनीय नहीं है।" इस बीच, टिकटॉक ने कहा कि वह जांच में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहा है।
अफवाह पर गंभीर टिकटॉक
सोशल मीडिया कंपनी टिकटॉक ने कहा कि, "हम अफवाह वाले खतरों को भी बेहद गंभीरता से संभालते हैं, यही वजह है कि हम स्कूलों में संभावित हिंसा के बारे में चेतावनी भरा वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के साथ काम कर रहे हैं। भले ही हमें ऐसे खतरों के सबूत नहीं मिले हैं जो टिकटॉक के माध्यम से उत्पन्न या फैल रहे हैं"। आपको बता दें कि, साल 2018 में अमेरिका के मिशिगन प्रांत में भी एक स्कूल में भयानक गोलीबारी की गई थी और उसकी दूसरी बरसी के आसपास ही फिर से किसी स्कूल को निशाना बनाने की चेतावनी जारी की गई है, लिहाजा पैरेंट्स और स्कूली छात्र डरे हुए हैं। आपको बता दें कि, 30 नवंबर 2018 को 15 साल के एक स्कूली छात्र ने स्कूल में गोलीबारी की थी, जिसमें 4 बच्चों की मौत हो गई थी और 7 घायल हो गये थे।












Click it and Unblock the Notifications