एक झटके में जमींदोज हुईं हजारों आलीशान इमारतें, सैटेलाइट तस्वीरों में दिख रहा पहले और बाद का भयानक मंजर
भयंकर भूकंप के बाद की सैटेलाइट तस्वीरें सामेन आई हैं, जिसमें पूरा शहर खंडहर और मलबे के रूप में नजर आ रहा है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कैसे एक आबाद शहर भूकंप के कुछ ही समय बाद बर्बाद हो गया है।

Image: Twitter/@Maxar
तुर्की और सीरिया में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप से अब तक 16,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्की में भूकंप से मरने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 12,873 पहुंच चुका है। वहीं सीरिया में अब तक 3,162 लोगों की मौत हुई है। हर पल मौत के बढ़ते आंकड़े से समझा जा सकता है कि इन दोनों देशों की स्थिति क्या होगी। भीषण भूकंप के चलते तुर्की और सीरिया का नक्शा बदल गया है। बस्तियां खंडहर हो गई हैं, और बड़े-बड़े शहर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए हैं।
तस्वीरों में दिखा तबाही का मंजर
हाल ही में इस भयंकर भूकंप के बाद की सैटेलाइट तस्वीरें सामेन आई हैं, जिसमें पूरा शहर खंडहर और मलबे के रूप में नजर आ रहा है। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कैसे एक आबाद शहर भूकंप के कुछ ही समय बाद बर्बाद हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक तुर्की के दक्षिणी हिस्से के अन्ताक्या और काहरामनमारस भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल हैं, जहां ढेरों ऊंची-ऊंची इमारतें टूट कर जमीन पर बिखर गई हैं।
3000 से अधिक इमारतें जमींदोज
सैटेलाइट तस्वीरों में यह भी दिख रहा है कि खुले क्षेत्रों और स्टेडियमों में राहत कार्यों के लिए सैकड़ों एमरजेंसी शेल्टर बनाए गए हैं ताकि बचाव कार्य में तेजी आ सके। तुर्की सरकार ने सात प्रांतों में लगभग 3,000 से अधिक इमारतें गिरने का अनुमान लगाया हैं, जिसमें कई सार्वजनिक अस्पताल शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, इसमें 13वीं शताब्दी का एक ऐतिहासिक मस्जिद भी आंशिक रूप से ढह गया है।
बीते एक दशक का सबसे भयानक भूकंप
आपको बता दें कि 6 फरवरी को करीब 20 लाख की आबादी वाले गाजियांटेप में 7.8 तीव्रता का पहला भूकंप आया था। डेनमार्क और ग्रीनलैंड के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण में बताया गया है कि इसके झटके ग्रीनलैंड तक महसूस किए गए। बीते एक दशक में भूकंप हादसे में इस भूकंप में अधिक जानें यहां गई हैं। साल 2015 में नेपाल में आए भीषण भूकंप में 8,800 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications