धमकी भरे पोस्टर पर हुए नाराज हुए जयशंकर, कनाडा को दी चेतावनी, खालिस्तानियों को पनाह दी तो होगी मुश्किल
भारतीय विदेशमंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि कनाडा में खालिस्तानी पोस्टरों पर भारतीय राजनयिकों के नाम होने से दोनों देशों के बीच संबंधों पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे को कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे सहयोगी देशों के साथ उठाएगा।
विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत ने इन देशों से खालिस्तानी समर्थक तत्वों को जगह नहीं देने का अनुरोध किया है। एस जयशंकर ने कहा यदि फिर भी इन खालिस्तानियों को किसी देश ने पनाह दी तो, इसका सीधा संबंधों पर असर पड़ेगा।

दरअसल खालिस्तान समर्थकों द्वारा कनाडा में भारतीय राजनयिकों को धमकी दी गई। इसका एक पोस्टर सोशल मीडिया पर इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। इसमें ओटावा में भारत के उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और टोरंटो में महावाणिज्य दूतावास अपूर्वा श्रीवास्तव को धमकी दी गई है।
इस पोस्टर में 8 जुलाई को खालिस्तानी रैली निकालने की भी बात कही गई है। इसी को लेकर जब भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने ये बातें कहीं।
आपको बता दें कि इस पोस्टर में खालिस्तान समर्थक और आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर को 'शहीद' बताया गया है। वहीं, पोस्टर में दो भारतीय राजनयिकों को 'हत्यारा' करार दिया गया है।
इसके साथ ही 8 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे एक रैली की बात कही जा रही है। इसे 'खालिस्तान फ्रीडम रैली' कहा जा रहा है। पोस्टर के मुताबिक, ग्रेट पंजाब बिजनेस सेंटर से शुरू होकर भारतीय दूतावास तक जाएगी। पोस्टर में सबसे नीचे दो मोबाइल नंबर भी लिखे हुए हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा है कि इन अधिकारियों और भारतीय कर्मचारियों की सुरक्षा चिंताओं को लेकर ग्लोबल अफेयर्स कनाडा, देश के विदेश मंत्रालय के साथ ही राजनयिकों की सुरक्षा का जिम्मा देखने वाली रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) को सूचित कर दिया गया है। इसके साथ ही ओट्टावा और टोरंटो के पुलिस विभाग को भी जानकारी दी गई है।
आपको बता दें कि हरदीप सिंह निज्जर भारतीय एजेंसियों की मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल था। हरदीप सिंह निज्जर पंजाब में टारगेट किलिंग करवाता था। इसके अलावा निज्जर अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और कनाडा में भारतीय मिशनों के बाहर भारत विरोधी प्रदर्शनों का आयोजन करता था।
एनआईए ने निज्जर पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था क्योंकि वह 2021 में पंजाब के जालंधर में एक हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश से जुड़ा था।
केटीएफ का नेतृत्व करने वाले निज्जर की इस साल जून में वैंकूवर के सरे के एक गुरुद्वारे में हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार निज्जर की दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications