S Jaishankar Iran Visit: मिडिल ईस्ट में महायुद्ध शुरू, वैश्विक तनाव को शांत करने ईरान जा रहे मोदी के ‘हनुमान’
अमेरिका और ब्रिटेन की सेना ने गुरुवार से यमन में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले इलाकों पर कई हमले शुरू कर दिए हैं। ये हमले यमन की राजधानी सना, सदा और धमार शहरों के साथ-साथ होदेइदाह प्रांत में हुए हैं।
यमन में किए जा रहे हमलों में अमेरिका और ब्रिटेन की सेना के साथ ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, कनाडा और नीदरलैंड भी हैं। 2016 के बाद ये यमन में हूतियों के खिलाफ किया गया अमेरिका का पहला अटैक है। अमेरिका और ब्रिटेन के यमन पर अटैक के बाद कहा जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में महायुद्ध की शुरुआत हो गई है।

मिडिल ईस्ट में इस विषम परिस्थिति के बीच भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ईरान का दौरा करने वाले हैं। जयशंकर की यात्रा का उद्देश्य वैश्विक चिंताओं को दूर करना और ईरानी नेतृत्व के साथ जुड़ना है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यात्रा के दौरान उनकी अपने ईरानी समकक्ष होसैन अमीर-अब्दुल्लाहेन और राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी से संभावित मुलाकात की योजना है। चर्चा के प्रमुख विषयों में इजराइल-हमास संघर्ष के नतीजे, वाणिज्यिक जहाजों पर हूती हमले और गाजा में बिगड़ती मानवीय स्थिति शामिल हैं।
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बढ़ रहे मिसाइल खतरे के बारे में कल रात अमेरिकी विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन से भी बात की थी।
भारत आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख रखता है और राजनीतिक उद्देश्यों के लिए आतंकवाद के इस्तेमाल के विरोध पर जोर देता है। इसके अतिरिक्त, दोनों देशों के बीच नॉर्थ-साउथ ट्रेड कॉरिडोर, अज़रबैजान-अर्मेनियाई संघर्ष से संबंधित काकेशस में सुरक्षा और इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के लिए टू-स्टेट सॉल्यूशन के लिए भारत का समर्थन शामिल हो सकता है।
भारत ने वाणिज्यिक नौवहन पर हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा करते हुए अरब सागर से अदन की खाड़ी तक 10 वॉरशिप तैनात किए हैं। इस पर मौजूद मरीन कमांडोज सोमालिया के समुद्री लुटेरों से जहाजों को बचाएंगे।
भारतीय नौसेना ने कहा कि अरब सागर में कारोबारी जहाजों पर हमले बढ़ रहे हैं। इन जहाजों को समुद्री लुटेरों से बचाने और उनके ड्रोन हमले रोकने के लिए सोमालिया के तट के पास, अरब सागर और अदन की खाड़ी में डिस्ट्रॉयर्स, फ्रिगेट्स और पेट्रोलिंग बोट समेत कुल 10 युद्धपोत तैनात किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications