Ukraine Crisis: रूस-यूक्रेन युद्ध का सातवां दिन, कहां तक पहुंची लड़ाई, आर्थिक विकलांग बनेगा रूस?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तीखी आलोचना की है और स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में संकटग्रस्त यूक्रेनी लोगों के लिए स्टैंडिंग ओवेशन दिया है।
कीव/मॉस्को/वॉशिंगटन, फरवरी 02: रूस यूक्रेन युद्ध की लड़ाई अब सातवें दिन में पहुंच चुकी है, लेकिन रूस अभी तक यूक्रेन पर कब्जा नहीं कर पाया है, लेकिन लंबी खिंचती इस लड़ाई ने रूस को आर्थिक तौर पर विकलांग बनाने का रास्ता खोल दिया है और रूसी अर्थव्यवस्था पर ध्वस्त होने से कैसे बचेगी, इसके रास्ते अब काफी कम हो चुके हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 'स्टेट ऑफ द यूनियन' एड्रेस में एक बार फिर से साफ कर दिया है, कि रूस से लड़ाई करने के लिए अमेरिका अपनी सेना तो नहीं भेजेगा, लेकिन उन्होंने रूस को आर्थिक प्रतिबंधों के जाल में पूरी तरह से बांध दिया है। रूस यूक्रेन युद्ध के तमाम बड़े अपडेट्स जानिए....
Recommended Video

बाइडने का पुतिन पर वार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तीखी आलोचना की है और स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में संकटग्रस्त यूक्रेनी लोगों के लिए स्टैंडिंग ओवेशन दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन के समर्थन में अपने सदन में मौजूद तमाम लोगों को यूक्रेन के लोगों के लिए खड़ा होने और रूस को कड़ा और अचूक संबंध भेजने का संकेत देने के लिए कहा। जिसके बाद सदन में मौजूद तमाम अमेरिकी सांसदों ने खड़े होकर यूक्रेन की बहादुरी के लिए तालियां बजाई और उस दौरान कई अमेरिकी सांसद यूक्रेन का झंडा लहरा रहे थे। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन की मदद के लिए 100 करोड़ डॉलर की मदद देने का ऐलान किया है और कहा है कि, पुतिन ने यूक्रेन पर आक्रमण करके बहुत बड़ी गलती कर दी है और वो सोच रहे थे कि, दुनिया उनके आगे झुक जाएगी, लेकिन वो गलत थे।
राजधानी कीव के ताजा हालात
यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे कई यूक्रेनी शहरों में बुधवार सुबह भी भारी बमबारी की जा रही है और रूसी सेना काफी आक्रामक तरीके से आगे बढ़ रही है। रूस की सेना ने अब राजधानी की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। यूक्रेन के आंतरिक मंत्री के सलाहकार एंटोन गेराशचेंको ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा कि, कीव के पश्चिम में ज़ाइटॉमिर शहर में रूस की तरफ से आबादी वाले इलाके में क्रूज मिसाइल से हमला किया गया, जिसमें चार आम नागरिकों की मौत हो गई है। वहीं, मंगलवार को कम से कम 11 लोगों के मारे जाने के बाद यूक्रेन के दूसरे शहर खार्किव में आज भी बमबारी की गई है। बमबारी के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शहर में बमबारी के बाद हर तरफ बर्बादी ही बर्बादी देखी जा रही है।

किन शहरों पर रूस का कब्जा
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव और खेरसॉन और मारियुपोल के दक्षिणी शहरों पर करीब करीब कब्जा कर लिया है और हजारों-हजार लोग अभी भी यूक्रेन छोड़कर बाहर निकल रहे हैं। वहीं, गार्डियन के संवाददाता के मुताबिक, रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी लोगों से जल्द से जल्द कीव और खार्किव छोड़कर बाहर निकलने की चेतावनी दी है। वहीं, अब रूसी सेना अब सीधे तौर पर राजधानी कीव पर हमला करने की प्लानिंग कर रही है और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि 680,000 से अधिक लोग पहले ही शहर से भाग चुके हैं।

यूक्रेन को आर्थिक मदद
अमेरिका ने जहां यूक्रेन को एक अरब डॉलर की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है, वहीं, आईएमएफ और विश्व बैंक ने यूक्रेन में रूसी कार्रवाई और वहां के लोगों की "भयानक" पीड़ा की निंदा की है। संगठनों ने देश के लिए 3 अरब डॉलर के पैकेज का वादा किया है। वहीं, Apple ने कहा है कि वह रूस में अपने सभी प्रोडक्ट्स की बिक्री को रोक देगा। वहीं, एयरलाइंस बनाने वाली कंपनी बोइंग ने मास्को में "प्रमुख संचालन", साथ ही "रूसी एयरलाइंस के लिए भागों, रखरखाव और तकनीकी सहायता सेवाओं" को निलंबित कर दिया है। नाइके के साथ फोर्ड और ब्रिटिश कार निर्माता जगुआर लैंड रोवर ने भी परिचालन को निलंबित कर दिया है।

भारतीय छात्र की मौत
यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में मंगलवार को रूसी गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। जैसे ही रूसियों ने हमले को तेज किया, खार्किव और कीव के बीच एक शहर ओख्तिरका में एक सैन्य अड्डे पर हमले में 70 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए हैं, वहीं रूसी सैनिक 64 किलोमीटर लंबे काफिले के साथ रूसी सैनिक लगातार यूक्रेन की राजधानी यूक्रेन की तरफ बढ़के दिखाई दे रहे हैं, हालांकि रूसी हमले की रफ्तार लगातार धीमी पड़ रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि मंगलवार सुबह खार्किव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि, "गंभीर दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि खार्किव में एक भारतीय छात्र की गोलाबारी में जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं"।

70 यूक्रेनी सैनिकों की मौत
मंगलवार को रूसी रॉकेट हमले में 70 से ज्यादा यूक्रेनी सैनिक मारे गए और "बर्बर" गोलाबारी में दर्जनों नागरिकों की भी जान चली गई है। यूक्रेनी अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि, एक विशाल रूसी सैन्य काफिला राजधानी कीव के पास पहुंच चुका है। वहीं, खार्किव क्षेत्र के प्रमुख ओलेग सिनेगुबोव ने मंगलवार को कहा कि, रूसी मिसाइल हमलों ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर के केंद्र पर हमला किया था और रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के आवासीय क्षेत्र और क्षेत्रीय प्रशासन भवनों को भी निशाना बनाया है। वहीं, रातभर हमलों के बाद रूस ने खारसन शहर पर कब्जा कर लिया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति की दहाड़
युद्ध के छठवें दिन एक वीडियो कॉल के माध्यम से यूरोपीय संसद को संबोधित करते हुए, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने एक भावनात्मक भाषण दिया, जिसमें यूरोपीय नेताओं से "यह साबित करने के लिए कि आप हमारे साथ हैं" का आग्रह किया और कहा कि "प्रकाश अंधेरे पर जीत हासिल करेगा"। उन्होंने कहा कि, "हम सिर्फ अपनी जमीन और अपनी आजादी के लिए लड़ रहे हैं। और मेरा विश्वास कीजिए, इस तथ्य के बावजूद कि हमारे देश के सभी बड़े शहर अब अवरुद्ध हैं, फिर भी कोई भी हमारी स्वतंत्रता और राज्य में प्रवेश नहीं करेगा।‘ उन्होंने यूरोपीय यूनियन से कहा कि, ‘'आप साबित करें कि आप हमारे साथ हैं। साबित करो कि आप हमें अकेला नहीं छोड़ेंगे। साबित करें कि आप वास्तव में यूरोपीय हैं। और उसके बाद जीवन, मृत्यु पर विजय प्राप्त करेगा और प्रकाश अंधकार पर विजय प्राप्त करेगा"।












Click it and Unblock the Notifications