पुतिन की ट्रंप को क्रिसमस वाली चिट्ठी, दो 'दुश्मन' देश के राष्ट्रपतियों का 'दोस्ताना'
अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर की रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन की उन्हें लिखी गई चिट्ठी। पुतिन ने चिट्ठी में ट्रंप से की दोनों देशों के बीच संबंध बहाल करने की अपील।
वाशिंगटन। अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को उन्हें लिखा गया एक खत शेयर किया है। यह खत उन्हें किसी और ने नहीं बल्कि रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन ने लिखा है। पुतिन के 'क्रिसमस लेटर' में उन्होंने ट्रंप को क्रिसमस और न्यू ईयर की बधाई दी हैं। इसके साथ ही साथ पुतिन ने दोनों देशों के बीच संबंधों को फिर से बहाल करने की अपील भी की है।

क्या लिखा है पुतिन की चिट्ठी में
पुतिन ने अपनी ग्रीटिंग्स के अलावा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को फिर से स्थापित करने के लिए एक फ्रेमवर्क तैयार करने को कहा है। ट्रंप ने इस खत को हासिल करने के बाद एक बयान जारी किया। इस बयान में उन्होंने कहा,'राष्ट्रपति पुतिन की ओर से उन्हें काफी अच्छी चिट्ठी मिली है। उनके विचार काफी सही हैं।' ट्रंप ने आगे कहा, 'मुझे उम्मीद है कि दोनों ही पक्ष इन ख्यालों को आगे बढ़ाने में समर्थ हैं और उन्हें किसी एक वैकल्पिक रास्ते का चुनाव नहीं करना है।' यह चिट्ठी ट्रंप को 15 दिसंबर की है और ट्रंप की टीम की ओर से इसे मुहैया कराया गया है। पुतिन ने लिखा है, 'गंभीर वैश्विक और क्षेत्रीय चुनौतियों का सामना हमारे देशों ने पिछले कुछ वर्षों में किया है। यह चुनौतियां दिखाती हैं कि रूस और अमेरिका आज के आधुनिक दौर में स्थायीत्व और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक अहम कारक है।'पुतिन ने आगे लिखा है, 'मुझे उम्मीद है कि जब आप अमेरिका के राष्ट्रपति का पद ग्रहण कर लेंगे तो हम एक सृजनात्मक और तथ्यात्मक तौर पर काम करके दोनों द्विपक्षीय संबंधों का खाका तैयार कर सकेंगे।'
बदलेंगे रूस-अमेरिका के रिश्ते
पुतिन की इस चिट्ठी से यह भी साफ होता है कि रूस को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन और इस प्रशासन के दौरान रूस और अमेरिका के संबंधों को लेकर कितनी शिकायत है। इसके अलावा यह चिट्ठी ट्रंप की उस टिप्पणी के बाद जारी की गई है जिसमें ट्रंप ने अमेरिकी की परमाणु क्षमता को और ताकतवर बनाने और इसे विस्तार देने की बात कही थी। पुतिन ने अपने ईयर एंड न्यूज कांफ्रेंस में भी कहा था कि अमेरिका और रूस को रिश्तों को सामान्य करने के तरीकों पर बात करनी होगी। वहीं ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान के दौरान कहा था कि रूस के साथ संबंधों को सामान्य करना सही होगा और यह खतरनाक नहीं हो सकता। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बुधवार को दिए इंटरव्यू में खराब रिश्तों के लिए ओबामा प्रशासन को दोष दिया था।












Click it and Unblock the Notifications