Russia-Ukraine War: यूक्रेन पर रूसी मिसाइलों ने फिर बरपाया कहर, राजधानी की इमारतों को किया खंडहर! तीन की मौत
Russia-Ukraine War: यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने राजधानी कीव पर रात भर अटैक किया। इस हमले में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। रूस के हमले में शहर के बीचोबीच स्थित एक सरकारी दफ्तर समेत कई इमारत में आग लग गई।
यूक्रेन के सरकारी एजेंसी सुस्पिल्ने ने पुष्टि की कि मलबा गिरने से कैबिनेट भवन में आग लग गई। आग बुझाने के लिए अग्निशमन कर्मी मौके पर जुटे हुए हैं।

कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको (Timur Tkachenko) ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि पेचेर्स्की जिले में एक प्रशासनिक भवन की छत पर आग लग गई। रॉयटर्स के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने सरकारी मुख्यालय से घना धुआं उठते देखा।
कीव पर ड्रोन और मिसाइल से हमला
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले की शुरुआत ड्रोन से हुई, जिसके बाद मिसाइलें दागी गईं। ड्रोन हमले में एक बच्चे और युवती की मौत हुई, जबकि एक गर्भवती महिला समेत पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं।डनिप्रो नदी के पूर्वी हिस्से डार्नित्स्की ज़िले में एक बम शेल्टर में एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई। यही वह इलाका है जहां अन्य दो मौतें हुईं।
रिहायशी इलाकों में तबाही
- डार्नित्स्की जिले की चार मंजिला इमारत की दो मंजिलें आग में जलकर ढह गईं।
- स्वियातोशिन्स्की जिले की नौ मंजिला इमारत के कई फ्लोर नष्ट हुए।
- 16 मंजिला अपार्टमेंट और दो नौ मंज़िला इमारतों में भी आग लग गई।
रूस पर गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में इमारतों से धुआं उठता दिखा और कई जगह दीवारें ध्वस्त हो गईं। तकाचेंको ने टेलीग्राम पर कहा कि रूस 'जानबूझकर नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है।'
दूसरे शहरों में भी धमाके
- क्रेमेनचुक: दर्जनों विस्फोट से कई इलाकों की बिजली गुल।
- क्रिवी रिह: परिवहन और शहरी ढाँचे को निशाना बनाया गया, हालांकि कोई हताहत नहीं।
- ओडेसा: कई अपार्टमेंट ब्लॉकों और नागरिक ढाँचों को नुकसान, आग की घटनाएँ।
पोलैंड ने बढ़ाई चौकसी
पश्चिमी यूक्रेन पर खतरे को देखते हुए पोलैंड ने अपने और सहयोगी विमानों को अलर्ट पर रखा है ताकि हवाई सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रूस-यूक्रेन जंग क्यों छिड़ी?
- NATO का खतरा: रूस नहीं चाहता कि यूक्रेन नाटो (NATO) का सदस्य बने, क्योंकि इससे पश्चिमी सेनाएं सीधे रूस की सीमा तक पहुंच जाएंगी।
- क्रीमिया विवाद: 2014 में रूस ने यूक्रेन के क्रीमिया क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। यह दोनों देशों के बीच तनाव की बड़ी जड़ है।
- डोनबास क्षेत्र: पूर्वी यूक्रेन के डोनबास (Donetsk और Luhansk) इलाकों में रूस समर्थित विद्रोही सक्रिय हैं। रूस कहता है कि वह उन्हें सुरक्षा देना चाहता है।
- रूस का प्रभाव क्षेत्र (Influence): रूस चाहता है कि यूक्रेन उसके प्रभाव में रहे, जबकि यूक्रेन यूरोपियन यूनियन और पश्चिमी देशों के करीब जा रहा है।
- सुरक्षा और पहचान (Security & Identity): रूस का दावा है कि वह 'यूक्रेनी रूसी भाषी नागरिकों' की रक्षा कर रहा है।
- भूराजनीतिक (Geopolitical) टकराव: असल में यह युद्ध सिर्फ रूस-यूक्रेन तक सीमित नहीं है, बल्कि रूस और पश्चिमी देशों (खासकर अमेरिका और यूरोप) के बीच शक्ति संघर्ष का हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications