'अगर रूस परमाणु बम गिराता है, तो पेंटागन को पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी', बाइडेन बोले, क्या करेगा US
जो बाइडेन ने पुतिन से मुलाकात के सवाल पर कहा कि, "देखिए, मेरा उनसे मिलने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन, अगर वह जी20 में मेरे पास आए और कहा, कि 'मैं ग्रिनर की रिहाई के बारे में बात करना चाहता हूं'
Russia-ukraine war: रूस ने पूरी ताकत के साथ एक बार फिर से यूक्रेन पर हमले शुरू कर दिए हैं और रूस के दक्षिणपंथी नेताओं को मांग है, कि अब वक्त आ गया है, जब राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन पर परमाणु बम गिरा देना चाहिए। वहीं, रूस के राष्ट्रपति भी परमाणु युद्ध की संभावना पर बात कर चुके हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी कहा है, कि राष्ट्रपति पुतिन की परमाणु युद्ध की बात कोई मजाक नहीं है और उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इस बीच एक एक इंटरव्यू में बाइडेन ने बताया है, कि अगर रूस परमाणु जंग में उतरता है, तो फिर अमेरिका क्या करेगा।

प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार है अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि अगर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करते हैं तो अमेरिका अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार है। सीएनएन के साथ एक साक्षात्कार के दौरान, बाइडेन ने कहा कि, अमेरिका ने परमाणु हथियार के उपयोग सहित यूक्रेन युद्ध में सभी संभावित परिदृश्यों पर गंभीरता से विचार किया है। उन्होंने कहा कि, अगर रूस परमाणु हथियार का इस्तेमाल करता है. तो फिर पेंटागन को हमसे कुछ पूछने की ज़रूरत नहीं है। बाइडेन ने ये उत्तर उस सवाल के जवाब में दिया, जब उनसे पूछा गया, कि क्या उन्होंने पेंटागन को चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध में परमाणु हमला होने की स्थिति में क्या कुछ निर्देश दे रखा है या फिर पेंटागन उस वक्त क्या एक्शन लेगा।

नाटो के लिए क्या है रेड लाइन?
सीएनएन ने बाइडेन से पूछा, कि यूक्रेन में अमेरिका और नाटो के लिए रेड लाइन क्या है और अगर पुतिन यूक्रेन में परमाणु संयंत्र पर बमबारी करते हैं, या सामरिक परमाणु हथियार स्थापित करते हैं, तो वाशिंगटन क्या करेगा? इस सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि, "मेरे लिए इस बारे में बात करना गैर-जिम्मेदाराना होगा, कि हम क्या करेंगे या क्या नहीं करेंगे।" वहीं, इंटरव्यू के दौरान जब बाइडेन से पूछा गया, कि क्या वो अगले महीने इंडोनेशिया के बाली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करते समय क्या रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे, तो बाइडेन ने उनसे मुलाकात करने की बात से इनकार नहीं किया। हालांकि, उन्होंने मुलाकात करने के लिए कुछ शर्तें रख दी हैं। उन्होंने कहा कि, अगर वह अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी ग्रिनर के भाग्य पर चर्चा करने के इच्छुक हैं, तो वह पुतिन के साथ बैठेंगे। खासकर, ग्रिनर को रूस ने हिरासत में लिया था और अगस्त में ड्रग तस्करी के मामले में नौ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, अमेरिका ने कहा कि ग्रिनर और एक अन्य पूर्व अमेरिकी मरीन पॉल व्हेलन को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया है। आपको बता दें कि, अमेरिका ने अपने कैदियों को रिहा करने के बदले दो रूसी हथियार तस्करों को रिहा करने का शर्त रूस के सामने रखा है, हालांकि, रूस की तरफ से अभी तक कुछ नहीं कहा गया है।

पुतिन से मुलाकात करेंगे बाइडेन?
जो बाइडेन ने पुतिन से मुलाकात के सवाल पर कहा कि, "देखिए, मेरा उनसे मिलने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन, अगर वह जी20 में मेरे पास आए और कहा, कि 'मैं ग्रिनर की रिहाई के बारे में बात करना चाहता हूं, तो मैं उनसे मिलूंगा।" वहीं, यूक्रेन युद्ध पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि, "पुतिन ने क्रूरता से काम किया है और मुझे लगता है कि उन्होंने युद्ध अपराध किया है, और इसलिए मुझे अब उनसे मिलने का कोई औचित्य नहीं दिखता।" आपको बता दें कि, एक दिन पहले यूक्रेन के शहरों पर रूस के बड़े पैमाने पर मिसाइल हमलों को लेकर ग्रुप ऑफ सेवन (जी 7) देशों ने हमलों की निंदा की और चेतावनी दी है, कि यूक्रेन पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के गंभीर परिणाम होंगे।

जी7 बनाम रूस
इससे पहले क्रेमलिन ने G7 की बैठक को खारिज कर दिया था और क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि, मास्को को उम्मीद है, कि पश्चिम के साथ "टकराव" होगा। उन्होंने कहा कि, "शिखर सम्मेलन से पहले मूड अच्छी तरह से समझा जाता है और यह आसानी से अनुमान लगाया जा सकता है, कि टकराव जारी रहेगा।" पेसकोव ने संवाददाताओं से कहा कि, "रूस यूक्रेन में "अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करके ही दम लेगा"। यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, रूस ने सोमवार को यूक्रेन के कई शहरों में 80 से ज्यादा मिसाइलें दागीं हैं, जिसमें कम से कम 19 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए हैं। वहीं, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि, मिसाइलों की बारिश मंगलवार को भी जारी रही, जिसमें जापोरिज्जिया में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लवीव में भी हमले की सूचना मिली। आपको बता दें कि, रूस ने फिर से भीषण बमबारी उस वक्त शुरू की है, जब एक अज्ञात धमाके में क्रीमिया पुल को उड़ा दिया गया, जो रूस को क्रीमिया से जोड़ता है, जिसपर रूस ने साल 2014 में कब्जा कर लिया था। वहीं,पुतिन ने विस्फोट के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया और आगे किसी भी हमले के लिए "गंभीर" प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications