BBC Documentary: PM मोदी के समर्थन में आया रूस, बोला- इन्फॉर्मेशन वार छेड़ रहा बीबीसी
रूसी प्रवक्ता ने कहा कि बीबीसी एक स्वतंत्र संस्थान नहीं है, बल्कि एक आश्रित संस्थान है, जो अक्सर पत्रकारिता के पेशे की बुनियादी आवश्यकताओं की उपेक्षा करता है।

Image: PTI
रूस के विदेश मंत्री प्रवक्ता ने पीएम मोदी पर बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर अहम बयान दिया है। रूसी प्रवक्ता ने इसे बीबीसी के द्वारा कई मोर्चों पर सूचना युद्ध छेड़ने का सबूत बताया है। मॉस्को में एमएफए साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में, पीएम मोदी पर बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर रूसी 'टिप्पणी' और भारत में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न के सवाल के जवाब में, प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा, मैं आपका ध्यान इस तथ्य की ओर आकर्षित करना चाहती हूं कि यह बीबीसी द्वारा विभिन्न मोर्चों पर इन्फॉर्मेशन वार छेड़ने का एक और सबूत है। बीबीसी न केवल रूस के खिलाफ, बल्कि एक स्वतंत्र नीति का पालन करने वाले अन्य वैश्विक केंद्रों के खिलाफ भी है।
पत्रकारिता के जरूरी मूल्यों की उपेक्षा
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा, यह एक स्वतंत्र टीवी और रेडियो निगम नहीं है, बल्कि एक आश्रित संस्थान है, जो अक्सर पत्रकारिता के पेशे की बुनियादी आवश्यकताओं की उपेक्षा करता है। उन्होंने कहा कि हमें काफी सालों के बाद यह पता चला है कि बीबीसी कुछ समूहों के हितों को साधने के लिए दूसरों के खिलाफ ब्रिटिश प्रतिष्ठान के भीतर भी लड़ रहा है। हमें इसके अनुसार उपाय करने की जरूरत है।
आपको बता दें कि बीबीसी ने 17 जनवरी को गुजरात दंगों पर बनी 'डॉक्यूमेंट्री द मोदी क्वेश्चन' का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया था। इसमें 2002 में गुजरात में हुए दंगों में तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी की भूमिका होने का दावा किया गया था। दूसरा एपिसोड 24 जनवरी को रिलीज होना था। इससे पहले ही केंद्र सरकार ने पहले एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया था। इस बीच बीबीसी का एक अन्य डॉक्यूमेंट्री भी काफी विवाद में है। बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री में पूर्व ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने 'पुतिन बनाम द वेस्ट' नाम के एक तीन पार्ट वाले सीरिज में खुलासा किया है कि है रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने तत्कालीन यूके पीएम बोरिस जॉनसन को मिसाइल अटैक की धमकी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications