Viktor Yanukovych को रूस बनाना चाहता है यूक्रेन का राष्ट्रपति, जानिए कौन हैं, क्यों पुतिन ने किया है पसंद?
यूक्रेनी खुफिया के अनुसार, यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच वर्तमान में बेलारूस के मिन्स्क में हैं, और क्रेमलिन वर्तमान में उन्हें एक विशेष अभियान के लिए तैयार कर रहा है।
कीव, मार्च 02: यूक्रेन युद्ध के सातवें दिन खबर आ रही है कि, रूस विक्टर यानुकोविच को यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति बनाना चाहता है और मौजूदा राष्ट्रपति जेलेंस्की को सत्ता से बर्खास्त करना चाहता है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस और यूक्रेनी प्रतिनिधियों के बीच जल्द ही फिर से दूसरे राउंड की बातचीत हो सकती है, जिसमें रूस की तरफ से ये प्रस्ताव रखा जा सकता है और यूक्रेन की मीडिया की तरफ से ये दावा किया गया है और रूस की तरफ से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

कौन हैं विक्टर यानुकोविच?
यूक्रेनी खुफिया के अनुसार, यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच वर्तमान में बेलारूस के मिन्स्क में हैं, और क्रेमलिन वर्तमान में उन्हें एक विशेष अभियान के लिए तैयार कर रहा है। यूक्रेनी मीडिया के दावे के मुताबिक, क्रेमलिन उन्हें "यूक्रेन का राष्ट्रपति" घोषित करने का प्रयास करेगा। प्राप्त जानकारी से संकेत मिलता है कि, क्रेमलिन पूर्व राष्ट्रपति यानुकोविच को यूक्रेन वापस लाने की तैयारी कर रहा है और माना जा रहा है कि, कीव पर कब्जा करने के बाद विक्टर को यूक्रेन का अगला राष्ट्रपति घोषित किया जा सकता है।

यूक्रेन ने लगाया आरोप
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस केवल यूक्रेन को मिटाना चाहता है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि, "वे हमारी राजधानी के बारे में कुछ नहीं जानते। हमारे इतिहास के बारे में कुछ नहीं जानते। लेकिन उनके पास हमारे इतिहास को मिटाने का आदेश है। हमारे देश को मिटा दो। हम सभी को मिटा दो"। इस बीच, यूक्रेनी समाचार एजेंसी कीव इंडिपेंडेंट ने घटनाओं से परिचित लोगों का हवाला देते हुए दावा किया है कि, रूस यूक्रेन के राष्ट्रपति के रूप में विक्टर यानुकोविच को फिर से स्थापित करने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, यानुकोविच मिन्स्क में है और मौजूदा राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की को हटाने के लिए रूसी सेना की प्रतीक्षा कर रहा है।
Recommended Video

पश्चिम मानता है भगोड़ा
आपको बता दें कि, विक्टर यानुकोविच काफी लोकप्रियता के साथ यूक्रेन के राष्ट्रपति बने थे और वो यूक्रेन के उस क्षेत्र दोनेत्सक के रहने वाले हैं, जहां रूस समर्थित अलगाववादी रहते हैं। पश्चिमी देशों के दवाब के बाद इन्हें यूक्रेन छोड़ना पड़ा था और ये रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के काफी करीबी हैं। हालांकि, विक्टर यानुकोविच के खिलाफ भ्रष्टाचार के भी कई आरोप लग चुके हैं और वो शुद्ध कम्यूनिस्ट नेता हैं। विक्टर यानुकोविच, पूरी तरह से रूस समर्थक हैं और इसीलिए वो पश्चिमी देशों को कभी भी पसंद नहीं रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications