मास्को का दावा, प्रिगोजिन की हत्या में रूस नहीं था शामिल, वैगनर चीफ के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे पुतिन?
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ विद्रोह करने वाले वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोजिन की बुधवार देर रात एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई। इसके बाद से ही ये दावे किए जा रहे हैं कि वैगनर चीफ की हत्या में रूस का हाथ है।
अब क्रेमलिन ने उन दावों का खंडन किया है कि उसने वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन को मारने के आदेश दिए थे। शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आधिकारिक प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बीबीसी को बताया कि यह आरोप "पूरी तरह झूठ हैं।"

पेसकोव ने कहा, "बेशक पश्चिम में इस तरह की अफवाहें जानबूझकर फैलायी जाती हैं। यह सब सरासर झूठ है। बेशक जब हम इस मुद्दे पर बात करते हैं तो हमें केवल तथ्यों पर बात करनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "फिलहाल हमारे पास ज्यादा तथ्य नहीं हैं, आधिकारिक जांच के दौरान तथ्यों को स्पष्ट करने की जरूरत है जो अभी की जा रही है।"
पेसकोव ने यह पूछे जाने पर कि क्या पुतिन, प्रिगोजिन के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे, उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना असंभव है कि क्योंकि उनका शेड्यूल बहुत फुल है।
वैगनर आर्मी चीफ प्रिगोजिन 23 अगस्त को एक विमान से यात्रा कर रहे थे। इस दौरान विमान मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें वैगनर समूह के प्रमुख की भी मौत हो गई। वह 62 साल के थे।
स्थानियों के मुताबिक उन्होंने विमान को आसमान से गिरते देखा लेकिन उससे पहले उन्होंने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। रूसी मीडिया की खबरों के मुताबिक इस बात की जांच की जा रही है कि विमान को बम से उड़ाया गया या दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन की मौत को लेकर चुप्पी तोड़ी थी और विमान दुर्घटना में मारे गए सभी दस पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई थी।
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वैगनर समूह के प्रमुख एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे, लेकिन उन्होंने जीवन में गंभीर गलतियां कीं थीं।












Click it and Unblock the Notifications