चेतावनी के बावजूद चीन ने बनाया आर्कटिक भेड़िया का क्लोन, क्या धरती पर फिर लौटेंगे विनाशक जीव?
माया नाम की क्लोन मादा भेड़िया के जन्म के 100 दिन बाद एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी गई।
बीजिंग, 21 सितंबर : वैश्विक जलवायु परिवर्तन और पैसों के लिए दुर्लभ जीव-जंतुओं के अवैध शिकार ने उनके अस्तित्व को खतरे में डाल दिया है। ऐसे ही एक विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुके आर्कटिक भेड़िया को बचाए रखने की कोशिश में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। चीन ने क्लोनिंग के जरिए एक नया भेड़िया तैयार किया है। इससे संकटग्रस्त आर्कटिक भेड़ियों ((Arctic Wolf) के अस्तित्व को बचाए रखने में मदद मिल सकती है। जानकारी के मुताबिक चीन में पहली बार आर्कटिक भेड़ियों की क्लोनिंग करके एक नया मादा भेड़िया तैयार किया गया है जो अब 100 दिन की हो चुकी है।

चीन ने तैयार किया भेड़िये का क्लोन
ध्रुवीय क्षेत्र में पाए जाने वाले दुर्लभ आर्कटिक भेड़िया (Arctic Wolf) का दुनिया में पहली बार चीन ने क्लोन (clone) तैयार किया है। क्लोन मादा भेड़िया का नाम 'माया'रखा गया है। दुनिया से खत्म होने की कगार पर पहुंच चुकी इस प्रजाति को बचाने के लिए चीन की जीन फर्म सिनोजेन बायोटेक्नोलॉजी ने इसे बीजिंग की एक लैब में तैयार किया है। माया नाम की क्लोन मादा भेड़िया के जन्म के 100 दिन बाद एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी गई।

क्लोन का नाम माया
चीन की जीन फर्म सिनोजेन बायोटेक्नोलॉजी के मुताबिक, झाड़ीदार पूंछ वाली भूरे रंग की माया स्वस्थ है। एक न्यूज कॉन्फ्रेंस के दौरान माया भेड़िया को खेलते और उसे आराम करते हुए वीडियो दिखाए गए। चीन के सरकारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, समाचार सम्मेलन में कंपनी के महाप्रबंधक एमआई जिंदोग ने कहा, हमने दो साल के अथक प्रयास के बाद आर्कटिक भेड़िये की क्लोनिंग में सफलता पाई। उन्होंने कहा, यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है जहां, एक आर्कटिक भेड़िया का क्लोन तैयार किया गया है।

आर्कटिक भेड़िया को किससे खतरा है
आर्कटिक भेड़िया, जिसे हम सफेद भेड़िया या ध्रवीय भेड़िया के रूप में जानते हैं, कनाडा के उत्तरी आर्कटिक द्वीपसमूह में उच्च आर्कटिक टुंड्रा के मूल निवासी ग्रे वुल्फ की एक उप-प्रजाति है। विश्व वन्यजीव कोष का कहना है कि, ऐसे भेड़िये आर्कटिक क्षेत्रों में पाए जाते हैं इसलिए शिकारियों की नजर से तो ये बच जाते हैं लेकिन जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न खाद्य आपूर्ति का खतरा इन पर हमेशा बना रहता है। वहीं, दुनिया में फैल रहा सड़कों की जाल और पाइपलाइन जैसे मानव विकास इनके क्षेत्रों का अतिक्रमण कर रहे हैं।

2020 में वुल्फ क्लोनिंग प्रोजेक्ट लॉन्च किया गया
ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म वीबो पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया कि, सिनोजेन ने 2020 में ध्रुवीय थीम पार्क हार्बिन पोलरलैंड के सहयोग से अपना आर्कटिक वुल्फ क्लोनिंग प्रोजेक्ट लॉन्च किया था। वहीं, माया बनाने के लिए, कंपनी ने सोमैटिक सेल न्यूक्लियर ट्रांसफर नामक एक प्रक्रिया का इस्तेमाल किया। यह वही तकनीक है जिसका इस्तेमाल 1996 में पहली बार स्तनपायी क्लोन, Dolly the sheep (भेड़) बनाने के लिए किया गया था।

ओरिजिनल माया से क्लोन तैयार
क्लोन माया की डोनर कोशिका एक जंगली मादा आर्कटिक भेड़िये (original Maya) जो कि ओरिजिनल माया थी, के त्वचा के नमूने से लिया गया है। इसका अंडाणु एक मादा कुत्ते का है और इसकी सरोगेट मां एक बीगल (कुत्ते की नस्ल) है। वैज्ञानिकों ने 85 भ्रणों को सात बीगल के गर्भाशय में स्थानांतरित किया गया। जिसके परिणामस्वरूप इनमें से एक का स्वस्थ भेड़िये के रूप में जन्म हुआ। कंपनी के महाप्रबंधक एमआई जिंदोग ने कहा, हमने 2020 में आर्कटिक भेड़िये की क्लोनिंग शुरू की थी। दो साल की कड़ी मेहनत के बाद अब यह क्लोनिंग कामयाब हुई है। कंपनी ने अपने वीबो पोस्ट में कहा कि एक दूसरे क्लोन आर्कटिक वुल्फ के जल्द ही पैदा होने की उम्मीद है।

2021 में ओरिजिनल माया की हुई मौत
चीन के नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फूड एंड ड्रग कंट्रोल के प्रयोगशाला पशु संसाधन संस्थान के निदेशक हे जेनमिंग ने वीबो पोस्ट में कहा, 'क्लोनिंग तकनीक लुप्तप्राय जंगली जानवरों की सुरक्षा के लिहाज से एक अच्छा संकेत है, जो जैव विविधता के संरक्षण में एक बड़ा योगदान है।' उन्होंने कहा कि माया की सफल क्लोनिंग एक "ऐतिहासिक घटना थी, जो दुनिया के वन्यजीव संरक्षण और लुप्तप्राय प्रजातियों की पूर्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। सिनोजेन ने कहा कि वह चीन में दुर्लभ और लुप्तप्राय जानवरों के संरक्षण और प्रजनन पर शोध करने के साथ-साथ अधिक क्लोनिंग तकनीक और अनुप्रयोगों पर शोध करने के लिए बीजिंग वन्यजीव पार्क के साथ काम करना शुरू कर देगा। ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, 2021 में ओरिजिनल माया की वृद्धावस्था में मृत्यु हो गई। क्लोन माया अब अपनी बीगल सरोगेट मां के साथ रह रही है, और बाद में जनता के लिए खुले हार्बिन पोलरलैंड में रखी जाएगी।
(Photo Credit : Twitter and other Social Media)












Click it and Unblock the Notifications