सीरिया का 'आतंक' होगा अब वैगनर का नया बॉस, गद्दार प्रिगोजिन का खेल खत्म.. राष्ट्रपति पुतिन ने दिए आदेश
Wagner Group News Bosss Andrey Troshe: रूस के खिलाफ विद्रोह करने वाले येवगेनी प्रिगोजिन का खेल खत्म हो गया है। हालांकि, प्रिगोजिन मारे जा चुके हैं या फिर जिंदा है, फिलहाल इसको लेकर कई आशंकाए हैं, लेकिन सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, अब उनका वैगनर चीफ रहना संभव नहीं है और व्लादिमीर पुतिन ने एक नये कमांडर का नाम वैगनर चीफ बनाने के लिए प्रस्ताव रखा है।
रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर समूह के लड़ाकों को प्रस्ताव दिया है, कि आंद्रे ट्रोशेव नाम का एक वरिष्ठ 'भाड़े का सैनिक' अब निजी सैन्य समूह वैगनर ग्रुप की कमान संभाले। व्लादिमीर पुतिन के इस आदेश को लेकर रूसी अखबार कोमर्सेंट ने ये जानकारी दी है।

येवगेनी प्रिगोजिन का खेल खत्म
माना जा रहा है, कि पुतिन के खिलाफ विद्रोह करने के बाद से येवगेनी प्रिगोजिन को लेकर वैगनर ग्रुप के अंदर भी दरारें पड़ गईं थीं और पुतिन ने जिस वरिष्ठ जनरल आंद्रे ट्रोशेव का नाम नये वैगनर चीफ के तौर पर प्रस्तावित किया है, उनका अब नया वैगनर चीफ बनना तय है।
रूसी अखबार ने जून के महीने में वैगनर ग्रुप का विद्रोह होने के 5 दिनों के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने एक बैठक का आयोजन किया था, जिसमें प्रिगोजिन के साथ साथ दर्जनों वैगनर के वरिष्ठ कमांडरों ने भाग लिया था।
कोमर्सेंट अखबार के मुताबिक, पुतिन ने बैठक में दर्जनों वैगनर सैनिकों से कहा, कि उन्होंने उन्हें रोजगार के जो कई विकल्प पेश किए, उनमें से एक में उन्हें अपने प्रत्यक्ष कमांडर के अधीन लड़ना जारी रखना भी शामिल है। और एक आदमी, जिसका कॉल साइन नाम 'सेडॉय' है, अब उसके अधीन आप लड़ना जारी रखिए। आपको बता दें, कि 'सेडॉय' का मतलब सफेद बाल होता है।
पुतिन ने बैठक में कहा, कि "वो हर जगह पहुंच सकते हैं, सबकी सेवा करना जारी रख सकते हैं और उनके लिए कुछ नहीं बदलता है। उनका (वैगनर ग्रुप) नेतृत्व वही व्यक्ति करेगा, जो हमेशा से उनका वास्तविक कमांडर रहा है।"
'और फिर उसके बाद क्या हुआ...' रूसी अखबार कोमर्सेंट के रिपोर्टर से रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, कि "जब मैंने ऐसा कहा तो कई लोगों ने (हां में) सिर हिलाया।"
एंड्री ट्रोशेव कौन हैं?
यूरोपीय संघ और फ्रांस द्वारा प्रकाशित प्रतिबंध दस्तावेजों के अनुसार, एंड्री ट्रोशेव का कॉल नेम सेडॉय रहा है और वो एक रिटायर्ड रूसी कर्नल हैं, जो वैगनर ग्रुप के संस्थापक सदस्य और कार्यकारी निदेशक रहे हैं।
एंड्री ट्रोशेव ने ही वैगनर ग्रुप की तरफ से सीरिया में काम संभाला था और चीफ ऑफ स्टाफ बनकर काम किया था, जिसके बाद यूरोपीय संघ ने उनपर प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने सीरियाई शासन का समर्थन किया था। आपको बता दें, कि सीरिया में रूस समर्थित सरकार है और राष्ट्रपति बशर अल असद, पुतिन के आदमी हैं।

यूरोपीय संघ सेंक्शन 2021 के मुताबिक, एंड्री ट्रोशेव का जन्म अप्रैल 1953 में पूर्व सोवियत संघ के लेनिनग्राद में हुआ था और वो सीरिया के अंदर वैगनर ग्रुप के सैन्य अभियानों में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के पक्ष में युद्ध लड़ा और सीरियाई शासन का समर्थन किया और उसका उन्हें जबरदस्त फायदा मिला।
जून 2022 के यूनाइटेड किंगडम सेंक्शन डॉक्यूमेंट्स में यह भी कहा गया है, कि "आंद्रे निकोलाइविच ट्रोशेव वैगनर समूह के मुख्य कार्यकारी थे। इसलिए, उसने सीरियाई शासन का समर्थन किया है और वो एक मिलिशिया के सदस्य थे, जिन्होंने सीरिया में नागरिक आबादी का दमन किया है।"
रूसी ऑनलाइन समाचार आउटलेट फॉन्टंका के अनुसार, 'ग्रे हेयर' के नाम से भी पहचान रखने वाले एंड्री ट्रोशेव, रूसी आंतरिक मंत्रालय के उत्तर-पश्चिमी संघीय जिले की स्पेशल रिस्पांस टीम में भी काम कर चुके हैं और वह चेचन्या और अफगानिस्तान युद्ध के अनुभवी भी हैं।
अफगानिस्तान युद्ध में उनकी भूमिका के लिए उन्हें रेड स्टार के दो ऑर्डर से भी सम्मानित किया गया, जो रूसी सेना की तरफ से असाधारण सेवा के लिए दिया जाता है। रूसी मीडिया के मुताबिक, चेचन्या में ऑपरेशन में सेवा के लिए, उन्हें ऑर्डर ऑफ करेज और ऑर्डर ऑफ मेरिट फॉर द फादरलैंड, से सम्मानित किया गया था।

ट्रोशेव, दिसंबर 2016 में क्रेमलिन में एक रिसेप्शन में आमंत्रित लोगों में से थे। एक तस्वीर, जिसे 2016 के रिसेप्शन का माना जाता है, 2017 में रूसी मीडिया के जरिए सामने आई थी और इसमें पुतिन को ट्रोशेव और उत्किन के साथ दिखाया गया था, जिसमें दोनों को कई मेडल्स पहने दिखाया गया था।
यूक्रेन ने 26 फरवरी, 2023 को ट्रोशेव के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिए थे।
वहीं, प्रिगोजिन को लेकर दावा किए जा रहे हैं, कि या तो उनकी मौत हो चुकी है, या फिर उन्हें जेल में बंद कर दिया गया है। अमेरिका के एक पूर्व जनरल का कहना है, कि प्रिगोजिन अब सार्वजनिक जीवन में कभी दिखाई नहीं देंगे।












Click it and Unblock the Notifications